इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. बार एसोसिएशन का चुनाव 17 सितंबर, गुरुवार को होगा. मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हाईकोर्ट के क्रिकेट ग्राउंड में कराया जाएगा. इस बार कुल 30 पदों के लिए मतदान होगा.
चुनाव में अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक-एक पद, पुरुष उपाध्यक्ष के चार और महिला उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए वोट डाले जाएंगे. महासचिव के एक पद के अलावा कोषाध्यक्ष के दो पद, जिसमें एक महिला और एक पुरुष पद शामिल है, के लिए भी मतदान होगा. वहीं ज्वाइंट सेक्रेटरी के तीन और ज्वाइंट सेक्रेटरी महिला के एक पद पर चुनाव होगा.
इसके अलावा गवर्निंग काउंसिल के 15 पदों के लिए मतदान होगा. इनमें 10 पुरुष और पांच महिला सदस्य चुने जाएंगे. बार एसोसिएशन के चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर प्रतिनिधित्व दिया गया है.
छह सदस्यीय टीम कराएगी चुनाव
सीनियर एडवोकेट एसएफए नकवी को चीफ रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है. उनकी अगुवाई में एडवोकेट वशिष्ठ तिवारी, एडवोकेट जेबी सिंह, एडवोकेट राजकुमार शुक्ला, एडवोकेट लक्ष्मीकांत मिश्रा और एडवोकेट अनुभव शुक्ला समेत छह सदस्यीय टीम चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराएगी.
25 अगस्त को जारी हुई फाइनल वोटर लिस्ट
चुनाव के लिए 18 अगस्त को टेंटेटिव वोटर लिस्ट प्रकाशित की गई थी. 19 से 21 अगस्त के बीच मतदाता सूची पर आपत्तियां मांगी गई थीं. इसके बाद 25 अगस्त को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है.
नामांकन प्रक्रिया के तहत 26 से 28 अगस्त तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन फॉर्म मिलेंगे. 29 अगस्त से 1 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन फॉर्म जमा किए जा सकेंगे. 2 सितंबर को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे. इसके साथ ही 3 और 4 सितंबर को नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी होगी. 5 सितंबर को प्रत्याशियों की टेंटेटिव लिस्ट जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी, जबकि 6 सितंबर को प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट जारी की जाएगी. इसके बाद 17 सितंबर को मतदान होगा.
11,485 मतदाता करेंगे मतदान
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में कुल 11,485 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 134 सीनियर एडवोकेट, 742 महिला अधिवक्ता और 10,609 पुरुष अधिवक्ता शामिल हैं.

