बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने गौतमबुद्ध नगर के जेवर रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वह बहन कुमारी मायावती से प्रभावित होकर बसपा के मिशन से जुड़े हैं और उनके पदचिह्नों पर चलते हुए आखिरी सांस तक मिशन को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे.
इसके साथ ही बसपा नेता आकाश आनंद ने महंगाई को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई की मार झेल रही है और इसके लिए जिम्मेदार बीजेपी सरकार है. आकाश आनंद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी ने कोई काम नहीं किया.
आकाश आनंद ने कहा कि आने वाले चुनाव में सरकार कई वादों और विज्ञापनों के जरिए अपनी कमियों को छिपाने की कोशिश करेगी, लेकिन जनता को सच्चाई जानना जरूरी है. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने विज्ञापनों पर 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं. सरकारी नौकरियों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश में 13 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा.
25 हजार स्कूल बंद करने का लगाया आरोप
आकाश आनंद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 हजार स्कूल बंद कर दिए गए. सरकार नए स्कूल खोलने और शिक्षकों को रोजगार देने के बजाय स्कूल बंद कर रही है. उन्होंने दावा किया कि डेढ़ लाख से ज्यादा स्कूल और कॉलेजों में पद खाली पड़े हैं. जब सवाल पूछिए तो कहते हैं कि हमारे पास पैसे नहीं हैं, लेकिन विज्ञापन के लिए पैसे हैं, पढ़ाई के लिए नहीं.
आकाश आनंद ने यूपी के कानून-व्यवस्था के दावों पर उठाए सवाल
बीएसपी नेता ने यूपी सरकार के कानून-व्यवस्था के दावों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार ने खुद को एनकाउंटर की सरकार और मजबूत कानून-व्यवस्था वाली सरकार के तौर पर ब्रांड किया, लेकिन उनके मुताबिक 3 हजार से ज्यादा हथियार बरामद हुए और महिलाओं के खिलाफ 65 हजार से ज्यादा मामले दर्ज हुए.
आकाश आनंद ने कहा कि ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि सरकार का रिपोर्ट कार्ड हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार और शिक्षा देने के बजाय बेरोजगारी भत्ता, मुफ्त अनाज और दूसरी योजनाओं का लालच दे रही है. उन्होंने कहा कि जब युवा अपने अधिकारों से दूर रहेगा तो उसे संविधान में मिले अधिकारों और सुविधाओं की जानकारी नहीं होगी. आकाश आनंद ने सरकार की योजनाओं की तुलना अफीम चटाने से करते हुए आरोप लगाया कि इसका मकसद लोगों को अंदर से कमजोर करना है.
आकाश आनंद ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
आकाश आनंद ने यूपी की बीजेपी सरकार के सड़क निर्माण के दावों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार ने 2024 तक भारत की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बनाने का दावा किया था, लेकिन हकीकत कुछ और है.
उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर 18 दिन के अंदर 80 जगह गड्ढे हो गए. इसके अलावा उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. आकाश आनंद ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार गड्ढे भरने के बजाय “गड्ढे खोदती है और उसके चारों तरफ सड़क बना देती है.”

