श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में हैं। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में श्रद्धा मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। रिलीज से पहले ही फिल्म ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ‘ईठा’ के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। हाल ही में आयोजित एक इवेंट में बड़ी संख्या में महिलाओं ने करीब एक मिनट तक इस गाने के हुक स्टेप पर एक साथ लावणी परफॉर्मेंस दी, जिसके चलते यह खास रिकॉर्ड बना।
पुणे में हुआ इवेंट
‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए पुणे की जील यूनिवर्सिटी में खास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर भी शामिल हुए। इस दौरान पारंपरिक परिधान में सजी सैकड़ों महिलाओं ने ‘जी जी रे जी’ गाने पर एक साथ लावणी के हुक स्टेप्स कर खास रिकॉर्ड बनाया। कार्यक्रम में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा करते हुए मैडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और कठपुतली क्रिएशन्स महाराष्ट्र को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर को दिया गया सर्टिफिकेट
इवेंट में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर और फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट व गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान नौवारी साड़ी में नजर आईं श्रद्धा ने प्रतिभागियों के साथ तस्वीरें क्लिक कराईं और स्टेज पर ‘जी जी रे जी’ के हुक स्टेप्स कर लावणी की शानदार झलक भी दिखाई।
कब रिलीज होगी ‘ईठा’?
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईठा’ 4 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म महाराष्ट्र की दिग्गज तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी से प्रेरित है। 17 नवंबर को रिलीज हुए फिल्म के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। निर्देशक के मुताबिक, श्रद्धा ने गाने की तैयारी के दौरान 4-4 किलो के घुंघरू पहनकर रिहर्सल की, जिससे उनके पैर में सूजन और मसल टियर हो गया था और उन्हें करीब एक महीने आराम करना पड़ा। फिल्म में रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव और जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में हैं।

