तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हिंदू धर्म परिषद ने आरोप लगाया है कि सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर 2026 के आदेश के बावजूद दीपथून नामक पत्थर के खंभे पर दीपक नहीं जलाया गया। इसे लेकर परिषद की ओर से अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की गई है। हिंदू धर्म परिषद के के.के. रमेश ने यह याचिका दायर की है। इसमें तमिलनाडु हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के कमिश्नर डॉ. टी.जी. विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा और पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन को पक्षकार बनाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपम जलाने की दी थी अनुमति
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पत्थर के खंभे पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। कोर्ट ने इसे एक बार की विशेष व्यवस्था बताते हुए कहा था कि दीपक मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत लोग ही जलाएंगे। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, पूरे आयोजन की निगरानी जिला कलेक्टर को करनी थी, जबकि पुलिस को सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था संभालनी थी। आम लोगों के दीपथून तक पहुंचने पर रोक थी। साथ ही दीपक जलाने के अलावा किसी भी तरह के जुलूस, सभा, नारेबाजी या अन्य गतिविधि की अनुमति नहीं दी गई थी।
दूसरी जगह जलाया गया महादीपम
याचिका में दावा किया गया है कि 24 नवंबर को दीपथून के पत्थर के खंभे पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाया गया। इसके बजाय पहाड़ी पर मौजूद उची पिल्लैयार मंदिर के दीप मंडप में महादीपम प्रज्वलित किया गया। मंदिर प्रशासन का कहना है कि पूजा कई पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा और धार्मिक नियमों के अनुसार की गई। हालांकि, याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद अधिकारियों ने दीपथून पर दीपक जलाने की व्यवस्था नहीं की। याचिका में श्रद्धालुओं को मंदिर में पूजा करने से रोके जाने का आरोप भी लगाया गया है।
मदुरै में धारा 163 लागू, पहाड़ी पर भारी पुलिस बल तैनात
दीपम विवाद के बीच मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने 23 नवंबर को पूरे जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए। ये आदेश 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहने थे। आदेश के तहत भीड़ जुटाने, धरना-प्रदर्शन, जुलूस और सार्वजनिक सभाओं पर रोक लगाई गई। साथ ही लोगों के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पहाड़ी के आसपास के इलाकों को रेड जोन घोषित कर करीब 6,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हिंदू धर्म परिषद ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में मांग की है कि आदेश का पालन नहीं करने के आरोप में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की जाए और कानून के तहत उचित सजा दी जाए।याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करना सभी सरकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है। ऐसे में आदेश के बावजूद उसका पालन नहीं किया जाना कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना के बराबर है।
सुप्रीम कोर्ट में जनवरी 2027 में फिर होगी सुनवाईसुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर के अंतरिम आदेश में स्पष्ट किया था कि दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति सिर्फ 24 नवंबर 2026 के कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए दी गई है। कोर्ट ने कहा था कि इससे किसी भी पक्ष को भविष्य में धार्मिक परंपरा, जगह पर अधिकार या स्थायी रूप से आने-जाने का अधिकार नहीं मिलेगा। कोर्ट ने मंदिर की पुरानी परंपराओं, दीपथून पर दीपक जलाने की प्रथा और विवादित स्थल पर अधिकार जैसे मुद्दों पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। साथ ही, मदुरै के जिला कलेक्टर को त्योहार के तीन दिनों के भीतर आदेश के पालन से जुड़ी रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया था।

