बिहार के जो लोग रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहते हैं, उनके लिए भारतीय रेल ने त्योहारों के मौके पर घर पहुंचना आसान बनाने की तैयारी की है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे कई स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इसी कड़ी में जयनगर (मधुबनी) और उधना (सूरत) के बीच 2-2 अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया गया है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को त्योहारों पर अपने घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
दोनों ही ट्रेनों में होंगे 8 स्लीपर और 11 जनरल क्लास के डिब्बे
उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक, जयनगर और उधना के बीच संचालित होने वाली दोनों अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें अनारक्षित श्रेणी की होंगी। यानी यात्रियों को इनमें सफर करने के लिए पहले से टिकट रिजर्व कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कोच की बात करें तो प्रत्येक ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 8 स्लीपर, 11 जनरल, 1 एसएलआरडी और 1 पैंट्री कार शामिल होगी।
एक ही दिन अलग-अलग समय पर चलेंगी दोनों ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उधना से जयनगर के लिए अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें 18 और 25 अक्टूबर, रविवार को रवाना होंगी। वहीं, जयनगर से उधना के लिए इन ट्रेनों का संचालन 20 और 27 अक्टूबर, मंगलवार को किया जाएगा। हालांकि, दोनों दिशाओं में चलने वाली ट्रेनों के प्रस्थान और पहुंचने का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
एक ही रूट पर चलेंगी दोनों ट्रेनें, एक जैसे होंगे सभी स्टॉपेज
रेलवे के अनुसार, दोनों अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें एक ही रूट से होकर गुजरेंगी। इस दौरान वडोदरा, रतलाम, उज्जैन, बीना, झांसी, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।
ट्रेन नंबर- 09073/09074, उधना-जयनगर
ट्रेन नंबर- 09073, उधना-जयनगर अमृत भारत स्पेशल ट्रेन, रविवार सुबह 09:50 बजे उधना से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को सुबह 05:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 09074, जयनगर-उधना अमृत भारत स्पेशल ट्रेन मंगलवार को सुबह 09:00 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी और गुरुवार को 07:30 बजे उधना पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर- 09071/09072, उधना-जयनगर
ट्रेन नंबर- 09071, उधना-जयनगर अमृत भारत स्पेशल ट्रेन, रविवार दोपहर 15:45 बजे उधना से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को 11:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 09072, जयनगर-उधना अमृत भारत स्पेशल ट्रेन मंगलवार को दोपहर 13:30 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी और गुरुवार को 08:30 बजे उधना पहुंचेगी।

