नवरात्रि के त्योहार के बीच सोने की खरीदारी करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। 12 अक्टूबर को नवरात्रि के दूसरे दिन सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,51,560 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1,51,410 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिली थी। ऐसे में त्योहारों के दौरान गहने खरीदने की योजना बना रहे लोगों की नजर अब सोने-चांदी के रोजाना बदलते भाव पर टिकी है।
घरेलू वायदा बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर एक्सपायरी वाला सोना 1,006 रुपये टूटकर 1,50,493 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सोने का बंद भाव 1,51,499 रुपये प्रति 10 ग्राम था। हालांकि, बीते सप्ताह सोने की कीमतों में अच्छी तेजी रही थी। इस दौरान अलग-अलग शहरों में 24 कैरेट सोना 2,240 रुपये तक महंगा हुआ, जबकि 22 कैरेट सोने के भाव में 2,050 रुपये तक का उछाल दर्ज किया गया।
देश के प्रमुख शहरो में आज सोने का भाव
शहर 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) 24 कैरेट (₹/10 ग्राम)
दिल्ली ₹1,38,940 ₹1,51,560
मुंबई ₹1,38,790 ₹1,51,410
कोलकाता ₹1,38,790 ₹1,51,410
चेन्नई ₹1,38,790 ₹1,51,410
पुणे ₹1,38,790 ₹1,51,410
बेंगलुरु ₹1,38,790 ₹1,51,410
चांदी की कीमत में भी गिरावट
सोने के अलावा चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। 12 अक्टूबर की सुबह चांदी का भाव 2,39,900 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। वहीं, MCX पर दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी सुबह 10:12 बजे 645 रुपये यानी 0.29% टूटकर 2,25,110 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 2,25,755 रुपये प्रति किलोग्राम था। हालांकि, इससे पहले बीते सप्ताह चांदी की कीमतों में करीब 5,000 रुपये की तेजी देखने को मिली थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव पर नजर बनी हुई है। हाजिर सोना 4,200.23 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी 61.08 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वैश्विक बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव के साथ डॉलर की स्थिति, आयात की लागत और घरेलू मांग का भी भारत में सोने-चांदी के दाम पर असर पड़ता है।

