रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ भले ही उम्मीद के मुताबिक दुनियाभर में बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित न हुई हो, लेकिन इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने एक खास उपलब्धि जरूर हासिल कर ली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह माइथोलॉजिकल फिल्म रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म अब दुनिया के 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसके साथ ही ‘रामायण’ ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय सिनेमा की पहुंच का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है।
27 देशों में नंबर वन बनी ‘रामायण’
फिल्म के मेकर्स ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ‘रामायण’ की इंटरनेशनल सफलता की जानकारी दी। उनके अनुसार, फिल्म 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस लिस्ट में अमेरिका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और थाईलैंड जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं। इसके अलावा वियतनाम, कंबोडिया और यूरोप के कई देशों में भी फिल्म ने भारतीय फिल्मों के पुराने बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। दक्षिण-पूर्व एशिया में ‘रामायण’ को खासा अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंबोडिया और सिंगापुर जैसे देशों में रामायण की कहानी और उससे जुड़ी सांस्कृतिक मान्यताओं की लोकप्रियता का भी फिल्म को फायदा मिला। वहीं, सोनी पिक्चर्स के व्यापक इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन के जरिए फिल्म स्लोवाकिया, यूक्रेन, लातविया, जॉर्जिया, आर्मेनिया और कैरेबियाई क्षेत्रों समेत कई नए बाजारों तक पहुंची है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये के पार
बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ की कमाई की रफ्तार शुरुआती दिनों के मुकाबले जरूर धीमी पड़ी है, लेकिन विदेशी बाजारों में फिल्म ने तीसरे हफ्ते में फिर जोर पकड़ा है। रिलीज के 22वें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने इंटरनेशनल मार्केट में 10 लाख डॉलर से ज्यादा का कलेक्शन किया। भारत में ‘रामायण’ का नेट कलेक्शन 992 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1185 करोड़ रुपये पहुंच गया है। ऐसे में शुक्रवार को फिल्म के भारत में 1000 करोड़ रुपये नेट क्लब में शामिल होने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है, तो यह ‘धुरंधर द रिवेंज’ के बाद 1000 करोड़ नेट कमाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन जाएगी। विदेशी बाजारों से फिल्म अब तक 6.4 करोड़ डॉलर से ज्यादा कमा चुकी है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिलहाल ‘रामायण’ सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में चौथे नंबर पर है। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते फिल्म ‘बाहुबली 2’ और ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच सकती है।
2028 में रिलीज होगा दूसरा पार्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो हिस्सों में तैयार की जा रही है। फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। नमित मल्होत्रा और यश इसके निर्माता हैं। भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल इस प्रोजेक्ट के दूसरे भाग को 2028 में रिलीज करने की योजना है। ऐसे में पहले पार्ट की अंतरराष्ट्रीय सफलता ने इसके अगले भाग को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

