मोदी सरकार की कैबिनेट बैठक शुक्रवार को खत्म हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई यह बैठक करीब 40 मिनट चली। बैठक में संसद की आगामी कार्यवाही से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा सकती है। सीटों की प्रस्तावित संख्या की यह सीमा वर्ष 2051 तक लागू रहने की बात कही गई है। इसके अलावा, कैबिनेट ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित रखने का प्रावधान है।
मोदी सरकार ने जुटा लिए हैं नंबर- सूत्र
डिलिमिटेशन बिल को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने बिल को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी संख्याबल जुटा लिया है। संसद का सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होगा, जबकि 3 दिसंबर को सत्रावसान होगा। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने पूरी तैयारी और जरूरी नंबर जुटाने के बाद लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से सत्र बुलाने का अनुरोध किया। वहीं, विपक्ष सरकार के इस कदम पर सवाल उठा रहा है और इसे असंवैधानिक बता रहा है। विपक्ष का आरोप है कि उसे इस बारे में जानकारी नहीं दी गई, न ही प्रस्तावित बिल की कॉपी साझा की गई। विपक्ष का कहना है कि महज चार दिन के नोटिस पर संसद का सत्र बुलाया गया है।
शरद और स्टालिन की पार्टियां भी समर्थन में आगे आईं
वहीं, परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी खेमे की कुछ पार्टियों के रुख में बदलाव की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, NCP (शरद पवार गुट) के 8 सांसद बिल के समर्थन में वोट कर सकते हैं। इसके अलावा DMK के भी सरकार के साथ आने की बात कही जा रही है। पार्टी के 22 सांसद हैं। ऐसे में सरकार के पास बिल को पारित कराने के लिए जरूरी संख्याबल होने का दावा किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, सरकार के समर्थन में करीब 355 सांसद हैं। ऐसे में बिल के पारित होने की राह में फिलहाल कोई बड़ा अड़ंगा नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, विपक्षी दल लगातार सरकार के कदम का विरोध कर रहे हैं और इसे असंवैधानिक बता रहे हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी परिसीमन को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है।
RJD सांसद ने भी की सपोर्ट करने की बात
परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे भारत की आत्मा पर हमला बताया। उन्होंने दावा किया कि सरकार के सभी प्रयास विफल होंगे और 2029 के चुनाव में जनता उसे करारा जवाब देगी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी बिल का विरोध करने का ऐलान किया है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी हर हाल में डिलिमिटेशन बिल का विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदी पट्टी में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की साजिश की जा रही है, ताकि बीजेपी लंबे समय तक सत्ता में बनी रहे। हालांकि, RJD सांसद सुरेंद्र यादव का रुख इससे अलग है। उन्होंने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि अगर इसके तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ती है, तो उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी।

