पाकिस्तान में अल्पसंख्यक बेटियां निशाने पर! हिंदुओं से ज्यादा ईसाई लड़कियां बनीं शिकार

पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों और महिलाओं के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामलों को लेकर चिंता बढ़ रही है। अल्पसंख्यक अधिकार संगठन ‘वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ (VOPM) की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 के शुरुआती 10 महीनों में कम से कम 84 लड़कियों और महिलाओं के अपहरण के बाद उनका कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर शादी कर दी गई। संगठन ने इन घटनाओं को अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ गंभीर अत्याचार बताते हुए चिंता जताई है।

49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां पीड़ित
रिपोर्ट के मुताबिक, सामने आए 84 मामलों में 49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां व महिलाएं शामिल हैं। इनमें 43 पीड़ित नाबालिग थीं, जबकि छह की उम्र 14 साल से कम बताई गई है। संगठन के अनुसार, ये आंकड़े पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करते हैं।\ प्रांतवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पंजाब में सबसे ज्यादा 47 मामले दर्ज किए गए। इनमें अकेले लाहौर में 18 घटनाएं सामने आईं। इसके बाद सिंध में 36 मामलों की जानकारी दी गई है। वहीं, बलूचिस्तान में अपहरण और कथित जबरन धर्म परिवर्तन का एक मामला दर्ज किया गया।

वास्तविक आंकड़ा और ज्यादा होने की आशंका
VOPM के आंकड़ों के मुताबिक, 2021 से 2025 के बीच पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय की लड़कियों और महिलाओं के अपहरण और कथित जबरन धर्म परिवर्तन के 515 मामले सामने आए। हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। उनका मानना है कि डर और असुरक्षा के चलते कई परिवार पुलिस तक शिकायत लेकर नहीं पहुंचते, जिसके कारण ऐसे मामलों का पूरा आंकड़ा सामने नहीं आ पाता। VOPM ने मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के हवाले से पाकिस्तानी प्रशासन पर इन घटनाओं को रोकने और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। संगठन ने पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया में होने वाली देरी पर भी सवाल उठाए। VOPM के अनुसार, कार्रवाई में देरी से पीड़ित परिवारों की मुश्किलें बढ़ती हैं और अगवा की गई लड़कियों को वापस लाने की उम्मीद भी कमजोर होती जाती है।

हर आंकड़े के पीछे एक बच्ची है, जिसे घर से छीन लिया गया’
संगठन ने कहा कि ये आंकड़े सिर्फ संख्या नहीं हैं, बल्कि उन पीड़ित बच्चियों और परिवारों की दर्दनाक कहानी हैं, जिनकी जिंदगी जबरन बदल दी गई। कई मामलों में बच्चियों की इच्छा के खिलाफ धर्म परिवर्तन कराकर उनकी शादी ऐसे लोगों से कर दी गई, जिन्हें उन्होंने खुद नहीं चुना। वहीं, उनके परिवार आज भी बेटियों की तलाश में हैं और समय बीतने के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, बदले की कार्रवाई के डर से कई परिवार पुलिस में शिकायत तक दर्ज नहीं कराते। उन्हें आशंका रहती है कि सरकारी तंत्र उनकी बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पाएगा। संगठन का कहना है कि ऐसी चुप्पी इन मामलों की वास्तविक संख्या और गंभीरता को सामने आने से रोकती है, साथ ही यह पीड़ित परिवारों के सरकारी व्यवस्था पर घटते भरोसे को भी दर्शाती है।

धर्म परिवर्तन और शादी के बाद घर लौटना मुश्किल
रिपोर्ट के मुताबिक, किसी लड़की का अपहरण कर दूसरी जगह ले जाने, धर्म परिवर्तन कराने और शादी कर देने के बाद उसके सुरक्षित घर लौटने की संभावना और कम हो जाती है। VOPM का कहना है कि कार्रवाई में होने वाली हर देरी से पीड़िता को वापस लाना और चुनौतीपूर्ण हो जाता है। संगठन ने जोर दिया कि नाबालिग बच्चियां शादी या धर्म परिवर्तन जैसे फैसलों के लिए स्वतंत्र और वैध सहमति देने की स्थिति में नहीं होतीं। VOPM ने सभी मामलों की तेज और निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बच्चों को जबरन धर्म परिवर्तन व शादी से बचाने के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की है।

संगठन ने पाकिस्तान की सरकार से पूछा सवाल
संगठन ने कहा कि जब तक अल्पसंख्यक परिवार अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहेंगे, तब तक पाकिस्तान के सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित देश होने के दावे पर सवाल उठते रहेंगे। VOPM ने सरकार से पूछा कि वह इन लड़कियों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाएगी। संगठन के मुताबिक, कार्रवाई में देरी से और परिवार अपनी लापता बेटियों की तलाश में भटकते रहेंगे। गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिका ने भी पाकिस्तान में हिंदू और ईसाई समुदायों पर अत्याचार को लेकर चिंता जताई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1