बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों और शानदार अभिनय के साथ-साथ अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। इस बार बिग बी ने अपने घर और पत्नी जया बच्चन को लेकर ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, यह पूरा मामला टीवी के लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का है। शो में दीपक नाम के एक प्रतियोगी पहुंचे थे, जो पेशे से म्यूरल आर्टिस्ट हैं। उन्होंने दीवारों पर बनाई जाने वाली कलाकृतियों के बारे में अमिताभ बच्चन को बताया।
दीपक की कला से प्रभावित होकर बिग बी ने भी अपने कमरे की दीवारों पर ऐसी ही पेंटिंग बनवाने की इच्छा जाहिर की। इसी बातचीत के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि घर में उनके हिस्से में सिर्फ एक छोटा कमरा आया है, जबकि बाकी कमरे जया बच्चन के पास हैं।
अमिताभ ने कहा कि जया के पास खाने के लिए अलग कमरा, बैठने के लिए अलग कमरा और कई दूसरे कमरे भी हैं। इसलिए उनके लिए ज्यादा जगह नहीं बचती। बिग बी ने यह भी बताया कि जया को दीवारों पर पेंटिंग बनवाने का काफी शौक है। उन्होंने घर की बाहरी दीवारों पर खूबसूरत वारली पेंटिंग भी बनवाई हैं।

