पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला सुनाते हुए ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति रद्द कर दी है। इस फैसले को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर टीएमसी के भीतर विवाद चल रहा था। ममता बनर्जी गुट ने वरिष्ठ नेता सोभनदेब चट्टोपाध्याय को इस पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने 3 जून को बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दे दी थी।
इसके बाद सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। 27 नवंबर को जस्टिस कृष्णा राव की अदालत ने ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को कानून के अनुरूप नहीं माना और उसे रद्द कर दिया। अदालत ने टीएमसी के मुख्य सचेतक अखरुज्जमान की नियुक्ति भी रद्द की है। कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को दोनों पदों पर 10 दिनों के भीतर नए सिरे से कारण सहित फैसला देने का निर्देश दिया है।

