मोदी सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का सत्र बुलाने का अनुरोध किया है. माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम फिर से ला सकती है.
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज गुरुवार को बताया कि मोदी सरकार ने अगले हफ्ते 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है. सरकार ने इसके लिए लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा सभापति दोनों से अनुरोध किया कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार (30 नवंबर) से और राज्यसभा को बुधवार (2 दिसंबर) से फिर से बुलाएं.
कामकाज की जरूरतों के हिसाब से, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को खत्म कराई जा सकती है. माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम फिर से संसद में पेश कर सकती है. परिसीमन से जुड़ा बिल भी लाया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार के पास दोनों सदनों में बहुमत का आंकड़ा है.
नया सत्र नहीं, मानसूत्र सत्र का ही विस्तार
इससे पहले संसद का मानसून सत्र, जिसे 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित (Adjourned Sine Die) कर दिया गया था, 100 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक सत्रावसान (Prorogued) नहीं किया गया है. इसलिए, आगामी सत्र की प्रस्तावित बैठकें किसी नए सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि मानसून सत्र का ही विस्तार ही माना जाएगा.
केंद्रीय कैबिनेट ने बुलाई अहम बैठक
संसद के विशेष सत्र की कार्यवाही अगले हफ्ते शुरू होगी. 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही फिर से शुरू होने जा रही है और इसका समापन 3 दिसंबर को होगा.
विशेष सत्र को देखते हुए केंद्रीय कैबिनेट की कल शुक्रवार को बैठक बुलाई गई है. यह बैठक 1 बजे होगी. माना जा रहा है कि कैबिनेट परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव को मंजूरी देगी.
सत्र को लेकर कांग्रेस की भी बैठक कल
इस बीच आगामी संसद सत्र पर चर्चा को लेकर कांग्रेस ने कल शुक्रवार शाम को अहम बैठक रखा है. 30 नवंबर से शुरू होने वाले इस संसद सत्र की रणनीति पर चर्चा करने के लिए, कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक शाम 4:30 बजे दिल्ली में बुलाई गई है.
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज बताया कि सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा से क्रमशः 30 नवंबर और 2 दिसंबर को फिर से सत्र बुलाए जाने का अनुरोध किया है, ताकि “जरूरी सरकारी कामकाज” निपटाया जा सके. रिजिजू ने ‘X’ पर पोस्ट कर कहा, “सरकार ने लोकसभा स्पीकर से सोमवार (30 नवंबर) को निचले सदन की बैठक बुलाने, और राज्यसभा के सभापति से बुधवार (2 दिसंबर) को ऊपरी सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है. रिजिजू ने आगे बताया कि सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों के सत्र 3 दिसंबर को खत्म हो सकती हैं.
हमें पहले से ही उम्मीद थीः प्रसन्ना आचार्य
संसद का सत्र फिर से बुलाने के केंद्र सरकार के फैसले पर, बीजू जनता दल (BJD) के उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने कहा, “हमें इसकी उम्मीद पहले से ही थी, क्योंकि लोकसभा का पिछला सत्र काफी पहले खत्म हो गया था, लेकिन उसका औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था. इसलिए, यह आशंका थी कि सरकार कभी भी नया समन जारी किए बिना संसद का सत्र बुला सकती है. अब ऐसा ही हुआ है.”
उन्होंने आगे कहा, “सत्ताधारी दल ने अभी तक यह नहीं बताया कि यह सत्र किस मकसद से फिर से बुलाया जा रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार शायद परिसीमन विधेयक को महिला आरक्षण विधेयक के साथ जोड़कर फिर से पेश करने जा रही है. मुझे नहीं पता कि इस बार इस विधेयक का स्वरूप क्या होगा, लेकिन हमें उम्मीद है कि जिन बिंदुओं पर विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई थी, उन्हें आपसी सहमति से सुलझा लिया जाएगा और सरकार अपना रुख बदल लेगी.”

