पाकिस्तानी कलाकारों की वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और सनम सईद स्टारर इस सीरीज को लेकर अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में बनी फिल्मों व वेब सीरीज को भारत में स्ट्रीम न करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग को लेकर संशय बढ़ गया है।
नेटफ्लिक्स को मंत्रालय ने क्या निर्देश दिया?
सूत्रों के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दी गई उसकी प्रतिबद्धता की याद दिलाई है। उस दौरान प्लेटफॉर्म ने मंत्रालय को बताया था कि भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई गई है। अब मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से इसी नीति पर कायम रहने और अपने पुराने आश्वासन के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में रिलीज किए जाने की संभावनाओं को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इसके बाद नेटफ्लिक्स को मई 2025 में जारी एडवाइजरी का पालन करने की बात कही गई है। हालांकि, प्लेटफॉर्म ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं किया है कि सीरीज भारत में स्ट्रीम होगी या नहीं।
AICWA ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा था पत्र
इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज का विरोध किया था। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारतीय OTT प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीमिंग रोकने की मांग की थी। AICWA ने 8 मई 2025 की सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एडवाइजरी का हवाला देते हुए पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य मनोरंजन कंटेंट पर रोक की मांग की। संगठन ने पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए ऐसे कंटेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्थायी रोक के लिए कानून बनाने की अपील भी की थी।
भारत में रिलीज पर अभी भी सस्पेंस
सीरीज की इंटरनेशनल रिलीज डेट सामने आ चुकी है, लेकिन भारत में इसकी स्ट्रीमिंग को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। AICWA के विरोध और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 2025 की एडवाइजरी के पालन के निर्देश के बाद नेटफ्लिक्स के लिए भारत में इसे रिलीज करना चुनौती बन गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्लेटफॉर्म क्या फैसला लेता है और क्या फवाद खान-माहिरा खान स्टारर यह सीरीज भारतीय दर्शकों तक पहुंच पाएगी।

