तमिलनाडु के मदुरै में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भगवान मुरुगन की पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी है और बीजेपी भी राज्य की CM विजय के नेतृत्व वाली सरकार पर लगातार सवाल उठा रही है। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी गलती स्वीकार की है। वहीं, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं होने पर राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। इस बीच तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने गुरुवार को राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
राज्यपाल ने मांगा स्पष्टीकरण
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मदुरै के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी मामले में राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। मामला सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश से जुड़ा है, जिसमें पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर ‘कार्तिगई दीपा’ जलाने का आदेश दिया गया था। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने सरकार को पत्र भेजकर मामले की पूरी जानकारी और मौके पर तैनात पुलिस को दिए गए विशेष निर्देशों का विवरण मांगा है।
दरअसल, मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर स्तंभ के पास ‘कार्तिगई दीपा’ नहीं जलाया गया। इसके बजाय उची पिल्लयार मंदिर के पास बने पारंपरिक ‘दीपा मंडपम’ में दीपक जलाया गया। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, कई नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें नजरबंद किया था।
अवमानना याचिका दाखिल
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने के आरोप में हिंदू धर्म परिषद ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि राज्य के अधिकारियों ने 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया। हिंदू धर्म परिषद की ओर से के.के. रमेश ने यह याचिका दाखिल की है। इसमें तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के कमिश्नर डॉ. टी.जी. विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा और मदुरै के पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन को प्रतिवादी बनाया गया है।
मदुरै के DM ने जताया खेद
इस मामले में बुधवार को मदुरै के जिलाधिकारी (DM) की ओर से सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की गई। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रशासन ने दीप प्रज्वलन के लिए सभी जरूरी तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक दीपक जलाने के लिए पहाड़ी पर जाने वाले लोगों की सूची मंदिर ट्रस्ट को प्रशासन को उपलब्ध करानी थी, लेकिन ट्रस्ट की ओर से यह सूची नहीं दी गई। इसके चलते निर्धारित स्थान पर दीप प्रज्वलन नहीं हो सका। प्रशासन ने इस पर खेद भी जताया। DM ने बताया कि मुरुगन मंदिर के पीछे स्थित गणेश मंदिर में हर साल दीपक जलाने की परंपरा है और इस वर्ष भी प्रशासन ने इसे जारी रखा। वहीं, मंदिर ट्रस्ट की ओर से पहले पारित एक प्रस्ताव में दीपत्थून पर दीप जलाने को ‘आगम शास्त्रों’ और वैदिक परंपराओं के विरुद्ध बताया गया था। प्रशासन ने इस प्रस्ताव और मौके की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दीपत्थून पर दीप प्रज्वलन की अनुमति नहीं दी।

