सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट बंद खाद्य पदार्थों को लेकर एक बड़ा और अहम फैसला सुनाया है। अब चिप्स, बिस्कुट, नमकीन, कोल्ड ड्रिंक और दूसरे पैकेट बंद खाद्य पदार्थों पर ज्यादा चीनी, नमक और फैट की जानकारी साफ-साफ देनी होगी। इसके लिए पैकेट के सामने की तरफ अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI को फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू करने को कहा है।
कोर्ट के मुताबिक, जिस उत्पाद में फैट, शुगर या नमक की मात्रा तय सीमा से ज्यादा होगी, उसके लिए अलग लाल षट्कोण यानी हेक्सागोन निशान लगाना होगा। इन पर हाई फैट, हाई शुगर और हाई साल्ट लिखा होगा। हर निशान के साथ संबंधित पोषक तत्व का चित्र भी दिया जाएगा।
खास बात यह है कि कोर्ट ने चीनी और सैचुरेटेड फैट की कुल मात्रा को ध्यान में रखने का निर्देश दिया है। प्रत्येक चेतावनी निशान पैकेट के सामने दिखाई देने वाली जगह का लगभग 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरेगा। FSSAI को इन नियमों को अंतिम रूप देने के लिए चार महीने का समय दिया गया है। साथ ही बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। इस फैसले का मकसद ग्राहकों को सही जानकारी देना और सोच-समझकर खाने-पीने की चीजें चुनने में मदद करना है।

