नौकरीपेशा लोगों के लिए PF रिटायरमेंट फंड के साथ-साथ जरूरत के समय आर्थिक मदद का भी अहम जरिया है। अब EPFO इस व्यवस्था में कई बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रहा है, जिससे PF का इस्तेमाल और आसान हो सकता है। प्रस्तावित बदलावों के तहत कर्मचारी UPI के जरिए PF का पैसा निकाल सकेंगे और रिटायरमेंट के बाद पूरी रकम एकमुश्त निकालने की अनिवार्यता भी खत्म हो सकती है। इसके अलावा न्यूनतम बैलेंस की शर्त में बदलाव और कर्मचारियों को अपनी तरफ से अतिरिक्त योगदान करने की सुविधा देने पर भी विचार किया जा रहा है। आइए जानते हैं EPFO के इन चार संभावित बदलावों के बारे में।
1.EPFO 3.0 से बदलेगा पूरा सिस्टम
EPFO अपनी सेवाओं को डिजिटल और बेहतर बनाने के लिए EPFO 3.0 सिस्टम पर काम कर रहा है। इसके जरिए PF क्लेम सेटलमेंट को तेज करने के साथ सेवाओं को पूरी तरह पेपरलेस बनाने की तैयारी है। नया सिस्टम केंद्रीकृत कोर बैंकिंग सिस्टम की तर्ज पर काम करेगा, जिससे नौकरी बदलने के बाद दूसरे शहर में जाने वाले कर्मचारियों को पुराने रीजनल ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO 3.0 को अगले साल लॉन्च किया जा सकता है।
2.UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा
EPFO अपने खाताधारकों के लिए PF निकासी को और आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित सुविधा के तहत सदस्य UPI के जरिए अपने PF खाते से पैसे निकाल सकेंगे, जिसके लिए BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस सुविधा में खाताधारकों को अपने PF का कुल बैलेंस, कितनी रकम निकाली जा सकती है और खाते में कितनी राशि सुरक्षित रखनी है, इसकी जानकारी मिल सकेगी। हालांकि, ATM के जरिए PF निकासी की सुविधा कब से शुरू होगी, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
3.रिटायरमेंट के बाद किस्तों में मिलेगा पैसा
रिटायरमेंट के बाद PF की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय अब सदस्य इसे किस्तों में भी ले सकेंगे। प्रस्तावित बदलाव के तहत कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार हर महीने, तीन महीने या छह महीने में PF की राशि निकाल पाएंगे। खाते में बची रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा। सदस्य चाहें तो कुछ राशि एकमुश्त निकालकर बाकी फंड को किस्तों में लेने का विकल्प भी चुन सकेंगे। शुरुआती तौर पर 55 साल से अधिक उम्र और 5 लाख रुपये से ज्यादा PF बैलेंस वाले करीब 6.32 लाख सदस्यों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इस सुविधा को लागू करने के लिए नियमों में जरूरी संशोधन किए जाने बाकी हैं।
4.PF खाते में खुद भी जमा कर सकेंगे पैसा
EPFO अपने सदस्यों को PF खाते में खुद से योगदान करने की सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत UAN से जुड़े खाते में कर्मचारी अपनी इच्छा के मुताबिक रकम जमा कर सकेंगे। इसके अलावा थर्ड पार्टी के जरिए छोटी-छोटी राशि जमा करने का विकल्प भी दिया जा सकता है। इस सुविधा का फायदा खासतौर पर गिग वर्कर्स, डिलीवरी पार्टनर्स और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को मिल सकता है। हालांकि, इसे लागू करने के लिए EPF स्कीम के साथ-साथ इनकम टैक्स एक्ट में भी जरूरी बदलाव करने होंगे।

