नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म से जुड़ी हर नई जानकारी का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिलीज की तारीख नजदीक आने के साथ ही मेकर्स भी लगातार नए पोस्टर और वीडियो के जरिए दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा रहे हैं। हाल ही में रणबीर कपूर के जन्मदिन पर फिल्म का बिहाइंड द सीन वीडियो जारी किया गया था। इसके बाद राजा दशरथ के किरदार में नजर आने वाले अरुण गोविल का पोस्टर सामने आया। वहीं, कैकयी की भूमिका निभा रहीं लारा दत्ता और मंथरा के किरदार में शीबा चड्ढा के लुक से भी पर्दा उठाया गया। अब मेकर्स ने फिल्म के दो और नए पोस्टर जारी किए हैं, जिन्हें देखकर फैंस का उत्साह और बढ़ गया है।
रामायण’ के दो नए पोस्टर जारी
फिल्म के नए पोस्टर्स में रणबीर कपूर भगवान राम और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं। पहले पोस्टर में वनवास पर जाने से पहले का भावुक पल दिखाया गया है, जहां भगवान राम अपने पिता राजा दशरथ के चरणों में झुककर उन्हें प्रणाम करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरे पोस्टर में राम अपने ज्येष्ठ पुत्र होने का धर्म निभाते हुए पिता राजा दशरथ की अस्थियों का विसर्जन करते नजर आते हैं। इन दोनों पोस्टर्स के जरिए पिता और पुत्र के रिश्ते की गहराई को खूबसूरती से दर्शाया गया है। पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, ‘एक पिता, जो अपने वादे से बंधा है और एक बेटा, जो अपने फर्ज से बंधा है। किसी को नहीं पता था कि ये उनकी अंतिम विदाई होगी।’
पिता-पुत्र के रिश्ते को दिखाते हैं दोनों पोस्टर
दोनों पोस्टर्स में भगवान राम और राजा दशरथ के रिश्ते को भावुक अंदाज में दिखाया गया है। एक पोस्टर में राम अपने पिता के सामने सिर झुकाते नजर आते हैं, जबकि दूसरे में उन्हें दशरथ को अंतिम विदाई देते हुए दिखाया गया है। इन तस्वीरों ने महाकाव्य के पारिवारिक रिश्तों और भावनात्मक पहलुओं को उजागर किया है। पोस्टर्स सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। एक यूजर ने इन्हें बेहद खूबसूरत बताया, तो दूसरे ने लिखा कि यह रामायण के सबसे भावुक पलों में से एक है। वहीं, कई फैंस रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखने के लिए फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रामायण’ की कास्ट और रिलीज डेट
फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर और यश समेत कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। रणबीर कपूर भगवान राम, जबकि यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं, साई पल्लवी माता सीता और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा लारा दत्ता कैकयी, शीबा चड्ढा मंथरा, काजल अग्रवाल मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय विद्युतजिव्हा की भूमिका निभाते दिखेंगे। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

