प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में कहा कि वैश्विक तनाव के चलते उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद सरकार ने किसानों पर इसका असर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने बताया कि दुनियाभर में यूरिया की कीमत करीब ₹3,000 प्रति बोरी तक पहुंच गई है, लेकिन भारत में किसानों को यह सस्ती दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। पीएम मोदी के मुताबिक, बढ़ी कीमतों का बोझ सरकार खुद उठा रही है।
किसानों को 300 रुपये में दिया जा रहा है 3000 रुपये वाला यूरिया
पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले से बताया कि सरकार किसानों को उर्वरकों पर बड़ी राहत दे रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में करीब ₹3,000 प्रति बोरी वाला यूरिया किसानों को सिर्फ ₹300 में उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, DAP की कीमत दुनिया में करीब ₹5,000 प्रति बोरी पहुंचने के बावजूद भारत में किसानों को यह ₹1,350 प्रति बोरी की दर से मिल रही है।
वैश्विक चुनौतियों के बावजूद सरकार ने ”नागरिक देवो भव” के मंत्र के साथ किया काम
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक संकटों के बीच सरकार ने ‘नागरिक देवो भव’ की भावना के साथ कई अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में अचानक पैदा हुए संकट के बावजूद सरकार की तैयारियों से देश पर इसका असर कम हुआ है। पीएम मोदी के मुताबिक, आज भारत में गैस, पेट्रोल और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उछाल के बावजूद सरकार ने यूरिया और DAP की उपलब्धता सुनिश्चित की
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों के बावजूद सरकार ने किसानों के लिए यूरिया और DAP की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए आयात पर निर्भरता घटाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
देश की अर्थव्यवस्था पर खास फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में अर्थव्यवस्था और विकास का मुद्दा प्रमुख रहा। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, कृषि, गति शक्ति के साथ-साथ ग्लोबलाइजेशन, ग्रीन इकोनॉमी और ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों पर भी सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा।

