पहलगाम आतंकी हमले को लेकर NSA अजीत डोभाल ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटे PM मोदी ने एयरपोर्ट पर हुई बैठक में सबसे पहले पूछा था कि हमले के पीछे कौन है। इसके बाद उन्होंने दोषियों की तत्काल पहचान कर आतंकियों को करारा जवाब देने की जरूरत पर जोर दिया। 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी।
पीएम मोदी ने क्या मांगा था
Discovery की डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘Declassified: Operation Sindoor’ में NSA अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटे PM मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर ही शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सबसे पहले हमले की पूरी जानकारी लेते हुए सवाल किया कि इसके पीछे कौन है और कौन जिम्मेदार है। पीएम ने हमलावरों की पहचान तुरंत स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
डोभाल ने और क्या क्या बताया?
अजीत डोभाल के मुताबिक, पहलगाम हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया था। ऑपरेशन सिंदूर इसी रणनीति का हिस्सा था, जिसका लक्ष्य पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था। भारत का संदेश साफ था कि आतंकवाद को बढ़ावा देना या उसके खिलाफ कार्रवाई में नाकामी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डोभाल के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस अभियान में पाकिस्तान और PoK में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। करीब 88 घंटे चले ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य पहलगाम हमले से जुड़े आतंकी ढांचे को तबाह करना था।
ऑपरेशन सिंदूर से हमने बड़ा संदेश दिया
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की तरफ से हुए हमलों का भारत ने भी जवाब दिया। दोनों देशों के बीच करीब तीन दिनों तक सैन्य टकराव चला, जिसके बाद संघर्षविराम पर सहमति बनी। डोभाल ने कहा कि पीएम मोदी का यह कहना कि ‘ऑपरेशन सिंदूर जारी है’, इस बात का संकेत है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक आतंकियों का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।

