त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ानी शुरू कर दी है। दशहरा, दिवाली और छठ के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों में सीट मिलना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अब जोधपुर से गोरखपुर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
रेलवे की ट्रेन संख्या 04829/04830 जोधपुर जंक्शन-गोरखपुर जंक्शन-जोधपुर जंक्शन पूजा स्पेशल कुल 18 फेरे लगाएगी। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा और बस्ती की ओर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा। इससे त्योहारों के दौरान टिकटों की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
जानिए ट्रेन का पूरा शेड्यूल और टाइमिंग?
रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन की टाइमिंग इस प्रकार तय की गई है:
•ट्रेन नंबर 04829 (जोधपुर से गोरखपुर): यह ट्रेन जोधपुर जंक्शन से शाम 16:15 बजे रवाना होगी। अगले दिन तड़के 04:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी और 04:45 बजे प्रस्थान कर रात 20:30 बजे गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी।
•ट्रेन नंबर 04830 (गोरखपुर से जोधपुर): यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन से रात 23:25 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन दोपहर 14:00 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी और फिर अगले दिन सुबह 05:30 बजे जोधपुर जंक्शन पहुंचेगी।
कब से कब तक और किस दिन चलेगी ट्रेन?
गाड़ी संख्या 04829 जोधपुर से 1 अक्टूबर 2026 से 26 नवंबर 2026 तक हर गुरुवार को चलाई जाएगी, जबकि गाड़ी संख्या 04830 गोरखपुर से 2 अक्टूबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक हर शुक्रवार को रवाना होगी।
किन-किन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव?
यह पूजा स्पेशल ट्रेन राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। रास्ते में ट्रेन मेड़ता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर सिटी, गोंडा और बस्ती समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। इससे इन शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।
कोच की व्यवस्था
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर और जनरल क्लास के कोच शामिल किए गए हैं। त्योहारों में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्री इस स्पेशल ट्रेन में IRCTC की वेबसाइट/ऐप या रेलवे आरक्षण केंद्र के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं।

