लग्जरी कार छोड़ ऑटो से शूटिंग पर पहुंचे रजनीकांत, फैंस ने लगाए ‘थलाइवा-थलाइवा’ के नारे

साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत की फैन फॉलोइंग किसी से छिपी नहीं है। इसका नजारा हाल ही में मैसूर में देखने को मिला, जहां उनकी अपकमिंग फिल्म ‘धर्मन’ की शूटिंग चल रही थी। शूटिंग की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में फैंस अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने के लिए सेट पर पहुंच गए। इसी दौरान रजनीकांत ने अपने अंदाज से सभी को चौंका दिया। वह किसी महंगी लग्जरी कार के बजाय ऑटो रिक्शा से शूटिंग लोकेशन पर पहुंचे। अभिनेता का यह सादगी भरा अंदाज अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।

ऑटो से पहुंचे रजनीकांत, फैंस ने किया जोरदार स्वागत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रजनीकांत ऑटो रिक्शा से शूटिंग सेट पर पहुंचते नजर आ रहे हैं। ऑटो के आसपास सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी से वहां मौजूद फैंस को पहले ही पता चल गया था कि सुपरस्टार लोकेशन पर आ चुके हैं। जैसे ही ऑटो रुका और रजनीकांत बाहर निकले, फैंस ने जोरदार नारे लगाकर उनका स्वागत किया। रजनीकांत ने भी अपने चाहने वालों का अभिवादन स्वीकार करते हुए हाथ हिलाया और इसके बाद शूटिंग के लिए आगे बढ़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

गेट बंद करने की कोशिश, फिर फैंस से मिलने बाहर आए
एक दूसरे वायरल वीडियो में शूटिंग लोकेशन के बाहर फैंस की भारी भीड़ नजर आ रही है। सुरक्षा कर्मी लगातार भीड़ को संभालते दिखे और शूटिंग में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गेट बंद रखने की कोशिश की गई। हालांकि, बाहर खड़े फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ। लोगों की आवाज सुनकर रजनीकांत खुद उनसे मिलने बाहर आए। इस दौरान वह मैरून शर्ट और पारंपरिक वेश्टी में नजर आए और हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया।

रजनीकांत की एक झलक पाने के लिए बच्चों से लेकर बड़े तक काफी देर से इंतजार कर रहे थे। खास तौर पर कुछ बच्चों ने उनकी फिल्म ‘बाबा’ के मशहूर अंदाज की नकल करते हुए सुपरस्टार का स्वागत किया। यह नजारा देखकर वहां मौजूद फैंस का उत्साह और भी बढ़ गया।

धर्मन’ में कौन-कौन आएगा नजर?
रजनीकांत की इस अपकमिंग फिल्म का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं। फिल्म में रजनीकांत के अलावा सिमरन, राशि खन्ना और योगी बाबू की कास्टिंग की आधिकारिक घोषणा पहले ही हो चुकी है। हालांकि, मैसूर में चल रही शूटिंग से सामने आए वीडियो और तस्वीरों के बाद फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर नई अटकलें शुरू हो गई हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तेलुगु अभिनेत्री श्रीलीला को ‘धर्मन’ के शूटिंग सेट पर देखा गया। वीडियो में वह गुलाबी और नीले रंग की पारंपरिक पाटु पावड़ई ड्रेस में नजर आ रही हैं। वहीं, अभिनेता राम पोथिनेनी के भी फिल्म से जुड़ने की चर्चा है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक श्रीलीला या राम पोथिनेनी की कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले मेकर्स ने पोस्टर जारी कर फिल्म के नाम का ऐलान किया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1