भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने ICC वनडे रैंकिंग में एक बार फिर शानदार छलांग लगाई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतक जड़ा था। उनके इस दमदार प्रदर्शन का असर अब ताजा रैंकिंग में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि शुभमन गिल अभी भी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं, लेकिन कोहली ने उनकी बादशाहत को चुनौती जरूर दे दी है। दोनों खिलाड़ियों के बीच रैंकिंग में अंतर अब काफी कम रह गया है।
शुभमन गिल अभी भी आईसीसी वनडे रैंकिंग के नंबर एक बल्लेबाज
ICC की ताजा वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल ने नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में गिल ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 108 गेंदों पर 110 रन बनाए थे। उनकी इस पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल था। इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद गिल की रेटिंग बढ़कर 816 अंक हो गई है। वह अब अपनी साल 2023 की 841 रेटिंग के काफी करीब पहुंच गए हैं।
विराट कोहली ने मारी एक स्थान की छलांग, डेरिल मिचेल को नुकसान
विराट कोहली ने भी ताजा ICC वनडे रैंकिंग में शानदार बढ़त हासिल की है। एक स्थान ऊपर चढ़ते हुए कोहली अब नंबर-2 बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी रेटिंग बढ़कर 796 हो गई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में कोहली ने महज 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन की तूफानी पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 9 छक्के जड़े थे। इस शानदार प्रदर्शन का सीधा फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है। कोहली के ऊपर आने से न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल एक पायदान खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। मिचेल की रेटिंग 794 है।
रोहित शर्मा अभी भी नंबर चार की कुर्सी पर काबिज
वहीं, रोहित शर्मा ICC की वनडे रैंकिंग में चौथे स्थान पर बरकरार हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित का बल्ला कुछ खास नहीं चला और वह 35 गेंदों पर 32 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी पारी में 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके बावजूद रोहित की रेटिंग 753 अंक है।
श्रीलंका के कुसल मेंडिस ने रैंकिंग में शानदार बढ़त दर्ज की है। वह तीन पायदान ऊपर चढ़कर अब 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं। मेंडिस की मौजूदा रेटिंग 674 अंक है।

