फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट FZ1073 के अंदर का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें कॉकपिट के पास हमले के बाद मची अफ़रा-तफ़री साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में यात्री और क्रू मेंबर्स कथित तौर पर ओमान के को-पायलट को काबू में करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। यह फ्लाइट UAE से इज़राइल जा रही थी। कॉकपिट के पास वाली सीट से मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किए गए वीडियो में लोग अंग्रेज़ी और हिब्रू में चिल्लाते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए नजर आता है कि को-पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान को-पायलट ने भारतीय फ्लाइट कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया था।
वीडियो में दिखा-मची थी अफरातफरी
इज़राइल के चैनल 12 पर प्रसारित इस वीडियो क्लिप में कॉकपिट के अंदर मौजूद लोगों को शांत रहने और हमलावर को बाहर निकालने की कोशिश करते सुना जा सकता है। वहीं, केबिन में मौजूद यात्रियों से अपनी सीटों पर बैठे रहने के लिए कहा जा रहा है। इस दौरान एक क्रू मेंबर यात्रियों से बार-बार पूछता नजर आता है, “क्या कोई डॉक्टर है?” इसके बाद इज़राइल के डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव कॉकपिट के पास पहुंचते हैं और हिब्रू में कुछ कहते हैं। हालांकि, वीडियो में कैमरे का एंगल ऐसा है कि कॉकपिट के अंदर का दृश्य दिखाई नहीं देता।
इसके बाद सामने आए फुटेज में कैप्टन स्मित मच्छार कॉकपिट के बाहर जमीन पर घायल हालत में दिखाई देते हैं। उनके शरीर पर खून लगा हुआ है। वीडियो में उन्हें यह बताते हुए सुना जा सकता है कि को-पायलट ने उन पर कई बार हमला किया। वह अपने घायल हाथ के बारे में भी बताते हैं कि उसे हिला पा रहे हैं, लेकिन मुट्ठी नहीं बना पा रहे। बताया जा रहा है कि गंभीर चोट के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और क्रू को कॉकपिट के अंदर पहुंचने का मौका मिला। विमान में उस समय 174 यात्री सवार थे।
वीडियो में क्या क्या दिखा
•‘टाइम्स ऑफ इज़राइल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में एक व्यक्ति हिब्रू भाषा में को-पायलट की पहचान करते हुए कहता है कि इसी व्यक्ति ने पायलट को चाकू मारने की कोशिश की थी। हालांकि, तुरंत बाद वह अपनी बात सुधारता है और स्पष्ट करता है कि उसने पायलट को चाकू मारने की कोशिश नहीं, बल्कि वास्तव में हमला किया था।
•इसके बाद वीडियो में सऊदी अरब में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद का दृश्य दिखता है, जिसमें मेडिकल टीम प्लेन के दरवाज़े के बाहर एक ऊंचे प्लैटफ़ॉर्म पर मच्छार का इलाज कर रही है।
•प्लेन के अंदर मौजूद लोगों को पुलिस बुलाने की मांग करते और इस बात पर ज़ोर देते हुए सुना जा सकता है कि को-पायलट को तब तक प्लेन में ही रहना चाहिए जब तक पुलिस उसे ले जाने के लिए न आ जाए। हिब्रू बोलने वाला एक व्यक्ति कहता है, “कोई भी उसे जाने नहीं देगा,” जबकि को-पायलट को घुटनों के बल बैठे और हाथ पीछे बंधे हुए देखा जा सकता है।
•फ़्लाईदुबई के क्रू मेंबर में से एक को अंग्रेज़ी में यह कहते हुए सुना जा सकता है, “यह एक आतंकवादी है, आप समझ रहे हैं न? हमें पुलिस चाहिए।” एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “वह कहीं नहीं जा सकता। वह हमारे साथ यहीं है।”
•वीडियो में आगे हमलावर को काबू में किए जाने के बाद विमान के फर्श पर दीवार की तरफ मुंह करके बैठे देखा जा सकता है। उसकी यूनिफॉर्म पर खून के निशान नजर आ रहे हैं, जबकि कई क्रू मेंबर्स उसके आसपास खड़े दिखाई देते हैं।
वीडियो के आखिरी हिस्से में कैप्टन स्मित मच्छार को पट्टियों से लिपटा हुआ देखा जाता है। इसके बाद मेडिकल टीम उन्हें विमान से बाहर ले जाती हुई नजर आती है।
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब को-पायलट से जुड़े मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को सऊदी अरब की हिरासत से UAE भेज दिया गया है। अबू धाबी प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।
जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि क्या यह घटना किसी आतंकवादी गतिविधि या आतंकी मकसद से जुड़ी थी। इसके अलावा, अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस घटना की पहले से कोई योजना बनाई गई थी या किसी तरह के निर्देश दिए गए थे।

