नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजंकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। नेपाल एयरलाइंस के विमान से दिल्ली पहुंचे बालेंद्र शाह की मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह पहली भारत यात्रा है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री के तौर पर यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी के साथ मुलाकात
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बालेंद्र शाह की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। अपने दौरे के दौरान 23 नवंबर को शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें भारत-नेपाल संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर साझा हितों एवं चिंताओं पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
आधिकारिक भोज का भी होगा आयोजन
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा से जुड़ा कार्यक्रम साझा किया। उन्होंने बताया कि सोमवार को शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों की साझा प्राथमिकताओं और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। वार्ता के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे।
कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के मुताबिक, दौरे के दौरान भारत और नेपाल कनेक्टिविटी व ऊर्जा क्षेत्र की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। साथ ही व्यापार, निवेश, परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर सहित आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। दोनों देश शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई एमओयू का भी आदान-प्रदान करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-नेपाल के रिश्ते ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं।

