एशियन गेम्स का 13वां दिन भारत के लिए बेहद शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश की पदक तालिका में बढ़त मजबूत की। दिनभर में भारत की झोली में 6 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल आए। इसके साथ ही भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या 16 हो गई है। शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत मेडल टैली में टॉप-5 में पहुंच गया है और फिलहाल पांचवें स्थान पर बना हुआ है।
दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि भारतीय महिला हॉकी टीम के नाम रही। फाइनल में भारतीय टीम ने चीन को कड़े मुकाबले में 1-0 से शिकस्त देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी ने एशियन गेम्स में 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। गोल्ड जीतने के साथ ही टीम ने 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी सीधे क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया।
सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में जीता गोल्ड
कुश्ती के मैट पर सुजीत कलकल ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग के फाइनल में सुजीत एक समय ताजिकिस्तान के पहलवान के खिलाफ 2-9 से पिछड़ रहे थे। मुकाबला उनके हाथ से निकलता नजर आ रहा था, लेकिन भारतीय पहलवान ने आखिरी पलों में जोरदार वापसी की। उन्होंने लगातार तीन शानदार टेकडाउन करते हुए स्कोर 10-9 किया और रोमांचक अंदाज में मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
बॉक्सिंग के रिंग में लवलीना बोरगोहेन, परवीन और अंकुश को मिली कामयाबी
बॉक्सिंग रिंग में भी भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल की झड़ी लगा दी। महिला वर्ग में लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा और परवीन ने 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंगल ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीता और भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाल दिया।
आर्चरी में भारत को मिला ऐतिहासिक गोल्ड
आर्चरी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को बड़ी सफलता दिलाई। रिकर्व महिला टीम के फाइनल में अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम मोहोद की तिकड़ी ने मजबूत टीम साउथ कोरिया को रोमांचक मुकाबले में मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, पुरुष रिकर्व टीम और मिक्स्ड रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत को दो सिल्वर मेडल मिले। इस प्रदर्शन के साथ एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या 76 हो गई है। भारतीय दल ने अब तक 16 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।

