जोहार जन आशीर्वाद यात्रा (Johar Jan Ashirwad Yatra) में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झामुमो और कांग्रेस पर करारा तंज कसा है। सीएम ने कहा कि झामुमो ने झारखंड को बेचने एवं कांग्रेस ने चारागाह बनाने का काम किया है। इस चुनाव में एक बार फिर दोनों पार्टियों को जवाब देना होगा। हमने पांच साल जनता की सेवा की और आज रिपोर्ट कार्ड देकर मजदूरी मांगने आए हैं। मुख्यमंत्री रविवार को जमुआ विधानसभा क्षेत्र के रेम्बा मोड़ मैदान में एक विशाल जसनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 2022 तक झारखंड के हर घर में पाइप से पानी पहुंचाया जाएगा। सभी गावों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। डबल इंजन की सरकार ने गैस चूल्हा एवं दो-दो सिलेंडर का पैसा दिया हैं। कृषि सम्मान योजना को भी बड़ी उपलब्धि बताया। प्रज्ञा केंद्र निःशुल्क पांच लाख का आयुष्मान कार्ड बनाएगा। आधी आबादी को उसका हक दिलाने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। हर गांव में सखी मंडल बनाया जा रहा है। बैंकों से लोन दिलाकर इन महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जाएगा। 50 लाख तक की संपति महिला खरीदेगी तो उसे रजिस्ट्री में मात्र एक रुपए लगेंगे। कन्या दान के पहले विद्या दान जरूरी है। बेटियों को पढ़ाने की सुविधा सरकार दे रही है। बेटी और बेटा में फर्क नहीं करने का आह्वान किया।
जनसभा को कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक केदार हाजरा, प्रणव वर्मा, जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, अशोक उपाध्याय आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने की। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री की जोहर जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हुई है। जमुआ चौक समेत कई जगहों पर इस दौरान मुख्यमंत्री जनता से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री को देखने व सुनने जगह-जगह लोग उमड़ पड़े हैं। प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया है।
सीएम ने कहा कि 67 साल राज करने वाले भ्रष्ट कांग्रेसियों एवं बाप-बेटा शिबू सोरेन एवं हेमंत सोरेन अपने काम का हिसाब दें। बदलाव झारखंड में दुमका से शुरू हो गया। शिबू सोरेन हारे अब झामुमो का सफाया होगा। 364 दिन शिबू सोरेन को पिंजड़े में रखने वाला बेटा चुनाव आने पर शिबू सोरेन को पिंजड़ा से मुक्त करता है। बिना नाम लिए हेमंत को औरंगजेब करार दिया।

मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार को एक बार फिर जोहार जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले। सीएम अब से कुछ देर बाद अपनी यात्रा शुरू करेंगे। सीएम ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- जोहार आज गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग के भाई-बहनों से मिलने का अवसर प्राप्त होगा। आप भी जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होकर झारखण्ड की विकास यात्रा के सहभागी बनें। चलो चलें मोदी जी के साथ चलो चलें विकास के साथ।