सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सरकारी नौकरियों में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र सीमा में पांच साल की अतिरिक्त छूट देने का आदेश दिया है। सरकार का यह फैसला पांच साल तक लागू रहेगा।
दरअसल, लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी उम्र सीमा में छूट देने की मांग कर रहे थे। उम्मीदवारों की मांगों को देखते हुए मुख्यमंत्री विजय ने यह फैसला लिया है।
सरकार के मुताबिक, पांच साल की यह छूट पहले से मिलने वाली आयु संबंधी रियायतों के अतिरिक्त होगी। यानी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को भी मौजूदा नियमों के तहत मिलने वाली छूट के ऊपर इसका लाभ मिलेगा।
उदाहरण के तौर पर, तमिलनाडु की ग्रुप-1 परीक्षा में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र सीमा 32 साल से बढ़ाकर 37 साल कर दी गई है। वहीं आरक्षित वर्ग के लिए यह सीमा 37 से बढ़कर 42 साल होगी।
ग्रुप-2 और ग्रुप-2ए में सामान्य वर्ग की अधिकतम उम्र सीमा 30 से बढ़ाकर 35 साल की गई है।
यह आदेश 30 अक्टूबर 2026 से लागू होकर अगले पांच साल तक प्रभावी रहेगा। इस फैसले से तमिलनाडु के सरकारी नौकरी अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

