दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क ने अमेरिका के राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। मस्क ने चेतावनी दी है कि अगर साल 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को बड़ी जीत मिलती है और वह राष्ट्रपति पद के साथ-साथ अमेरिकी संसद के दोनों सदनों पर भी नियंत्रण हासिल कर लेती है, तो देश में लोकतंत्र के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो सकती है।
30 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मस्क ने तीन संभावित बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स सत्ता में आने पर वॉशिंगटन डीसी और प्यूर्टो रिको को अमेरिकी राज्य का दर्जा दे सकते हैं। इससे सीनेट में सीटों का गणित बदल सकता है।
दूसरी चिंता जताते हुए मस्क ने अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे लोगों को कानूनी दर्जा देने और तीसरी संभावना के तौर पर सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने का जिक्र किया।
मस्क का दावा है कि इन कदमों से अमेरिका में एक ही पार्टी का लंबे समय तक दबदबा बन सकता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो सकती है।
उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी से 2029 में सीनेट की कम से कम 51 सीटें बनाए रखने की अपील भी की। हालांकि, ये मस्क की राजनीतिक आशंकाएं हैं, कोई तय सरकारी योजना नहीं।

