उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। इसी दौरान जोशीमठ घाटी के पास हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और उसकी लोकेशन भी ट्रैकिंग सिस्टम से गायब हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, सेना और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसा चाईं गांव और हाथी पहाड़ के आसपास के क्षेत्र में हुआ।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इलाके में मौसम खराब था और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश तथा बर्फबारी हो रही थी। मौसम की स्थिति को दुर्घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस घटना से पूरे उत्तराखंड में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताया है

