रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन Mukesh Ambani दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हो गए हैं। कंपनी के डिजिटल विंग यानी Jio Platforms में आए ताजा वैश्विक निवेश एवं कंपनी के शेयर के भाव के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के कारण Ambani की संपत्ति में हाल में उल्लेखनीय इजाफा देखने को मिला है। अंबानी Forbes की अरबपतियों की रियल टाइम लिस्ट में 9वें स्थान पर हैं। Bloomberg Billionaires Index में भी वह 9वें स्थान पर हैं।
Reliance इंडस्ट्रीज के शेयर की कीमत शुक्रवार को 1788 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। जियो प्लेटफॉर्म्स में हाल में आए भारी निवेश की वजह से 63 वर्षीय मुकेश Ambani की कुल संपत्ति साढ़े 64 अरब डॉलर के करीब पहुंच गई।
फोर्ब्स के शीर्ष दस धनकुबेरों की सूची में अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस पहले स्थान पर है। उनके पास करीब 160 अरब डॉलर की संपत्ति है। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स का स्थान आता है। गेट्स के पास कुल 108.7 अरब डॉलर की संपत्ति है। फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट और उनका परिवार इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके पास 103.2 अरब डॉलर की संपत्ति है।
फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग 87.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। जुकरबर्ग शीर्ष 10 धनाढ्यों की सूची में सबसे कम उम्र के हैं। जुकरबर्ग की आयु महज 36 वर्ष है। इस सूची में वारेन बफेट 5वें स्थान पर हैं। बफेट की कुल संपत्ति 71.4 अरब डॉलर आंकी गई है।
दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में अमेरिकी उद्योगपतियों का दबदबा है। शीर्ष 10 लोगों में 7 उद्योगपति अमेरिका से हैं। इस सूची में Ambani एकमात्र एशियाई हैं। शीर्ष दस धनाढ्यों में फ्रांस और स्पेन के एक-एक उद्योगपति शामिल हैं।
फोर्ब्स की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक Mukesh Ambani भारत की सबसे अधिक मूल्यवान कंपनी का नेतृत्व करते हैं। Ambani के पास यूनिवर्सिटी ऑफ बॉम्बे से बैचलर ऑफ साइंस इन इंजीनियरिंग की डिग्री है।