लंबे समय से जारी गिरावट के बाद सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर सोने का भाव 2.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, चांदी की कीमत में भी 2.40 प्रतिशत से अधिक का उछाल दर्ज किया गया है।
सोने के भाव में 3116 रुपये तक की तेजी
सोमवार को सुबह करीब 10:50 बजे MCX पर 4 दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 3,041 रुपये यानी 2.50 फीसदी की बढ़त के साथ 1,24,819 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इससे पहले सोने ने 2,665 रुपये की तेजी के साथ 1,24,443 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार की शुरुआत की। शुक्रवार को यह 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,24,894 रुपये का इंट्राडे हाई और 1,23,806 रुपये का इंट्राडे लो छुआ। इस तरह शुक्रवार के क्लोजिंग भाव के मुकाबले आज सोने की कीमत में अधिकतम 3,116 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
चांदी की कीमतों में भी 3856 रुपये तक की बढ़त
चांदी की कीमतों में भी सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। MCX पर 4 दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 3,595 रुपये यानी 2.43 फीसदी की बढ़त के साथ 1,51,408 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार कर रही थी। कारोबार की शुरुआत चांदी ने 1,240 रुपये की तेजी के साथ 1,49,053 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से की, जबकि शुक्रवार को इसका भाव 1,47,813 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। दिन के कारोबार में चांदी अब तक 1,51,669 रुपये का इंट्राडे हाई और 1,49,053 रुपये का इंट्राडे लो छू चुकी थी। इस तरह शुक्रवार के क्लोजिंग भाव के मुकाबले चांदी की कीमत में आज अधिकतम 3,856 रुपये तक का उछाल दर्ज किया गया।
शुक्रवार को सर्राफा बाजार में भी दर्ज की गई थी तेज गिरावट
गौरतलब है कि दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों में लगातार नौवें दिन गिरावट दर्ज की गई थी। सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस कीमत में सभी टैक्स शामिल हैं। वहीं, चांदी की कीमत भी 4,000 रुपये घटकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई थी।

