भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में आज एक अहम कदम उठने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात होने वाली है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें भारत और नेपाल के बीच आपसी सहयोग, व्यापार, कनेक्टिविटी और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
इस मुलाकात को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस दौरान जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। इस रेल कनेक्टिविटी से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है। ऐसे में दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क स्थापित होना धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी खास महत्व रखता है।
इस पहल से श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है। साथ ही पर्यटन और दोनों देशों के बीच लोगों का आपसी जुड़ाव भी बढ़ेगा। अब सबकी नजरें मोदी और बालेन शाह की बैठक पर हैं, जिससे भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

