उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देव दीपावली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। इस बार 10 लाख से अधिक पर्यटकों के काशी आने का अनुमान लगाया जा रहा है। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ का असर अब होटल, गेस्ट हाउस और नावों की बुकिंग पर साफ दिखाई दे रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वाराणसी के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों के करीब 95 फीसदी होटल पहले ही बुक हो चुके हैं। गंगा किनारे स्थित लग्जरी होटलों के सुइट का किराया चार लाख रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, क्रूज के विशेष पैकेज साढ़े तीन लाख रुपये तक में बुक हो रहे हैं।
नाव और बजड़ों की मांग भी काफी बढ़ गई है। कई बजड़ों की बुकिंग 15 हजार से लेकर तीन लाख रुपये तक में हुई है। पर्यटकों को अब सामान्य होम स्टे के लिए भी हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इस भव्य आयोजन से वाराणसी में पर्यटन कारोबार को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार देव दीपावली के दौरान 500 करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार का अनुमान है

