देश में मशहूर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने कंपनी के पानी के एक सैंपल को असुरक्षित बताते हुए उसके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। इसके बाद अब बिसलेरी कंपनी ने अपना पक्ष रखते हुए सफाई जारी की है।
कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। कंपनी का कहना है कि FSSAI ने कुल छह सैंपल लिए थे, जिनमें से पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे। छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी, जबकि तय सीमा 10 माइक्रोग्राम है।
बिसलेरी ने दावा किया कि दोबारा जांच और एक स्वतंत्र FSSAI-मान्यता प्राप्त लैब की जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर मिला। कंपनी ने यह भी कहा कि उसकी निर्माण प्रक्रिया में 10 चरणों के दौरान 90 से ज्यादा क्वालिटी टेस्ट किए जाते हैं। हालांकि, FSSAI की दूसरी लैब ने इसी सैंपल में PAHs की मौजूदगी भी बताई और उसे असुरक्षित घोषित किया। कंपनी ने कहा है कि वह नियामक के साथ सहयोग करेगी और उसके उत्पाद सुरक्षित हैं।

