बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। शादी की भव्य तैयारियों और शाही इंतजामों के बीच अब वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी की टिप्पणी ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर बिहार की गरीबी और शादियों में होने वाले धन के प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार देश के सबसे गरीब राज्यों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में बच्चों को पर्याप्त पोषण तक नहीं मिल पाता। इसके बावजूद शादी के नाम पर जिस तरह धन और वैभव का प्रदर्शन किया जा रहा है, वह अश्लील लगता है।
उन्होंने इसे बिहार की गरीबी का मजाक उड़ाने और गरीबों के जले पर नमक छिड़कने जैसा बताया। शिवानंद तिवारी ने यह सवाल भी उठाया कि बड़े नेता और मंत्री ऐसे समारोहों में शामिल होकर अनजाने में धन के इस प्रदर्शन को सामाजिक मान्यता देते हैं।
हालांकि, उन्होंने अपनी पोस्ट में अनंत सिंह या उनकी बेटी का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है। लेकिन उनकी टिप्पणी को इसी शादी से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने शिवानंद तिवारी को लालू यादव के परिवार में हुई भव्य शादियों की याद दिलाई है.

