‘हनुमान भारत के आयरन मैन हैं’, नमित मल्होत्रा ने बताया क्यों ‘रामायण’ में चुने सनी देओल, बोले- गुस्से में हिला देते हैं पहाड़

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के तीन हफ्तों में दुनियाभर में दर्शकों का ध्यान खींचा है। फिल्म के पहले पार्ट में भगवान राम के जन्म से लेकर सीता हरण तक की कहानी दिखाई गई है। इसके साथ ही रावण के जीवन और लंका पर उसके शासन की कहानी को भी पर्दे पर उतारा गया है। हालांकि, फिल्म के आखिर में भगवान हनुमान का दमदार परिचय दर्शकों के बीच खास चर्चा का विषय बना। अब फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने हनुमान जी को भारत का ‘आयरन मैन’ बताया है। वहीं, निर्देशक नितेश तिवारी ने यह भी बताया कि इस अहम किरदार के लिए सनी देओल को ही क्यों चुना गया।

नमित मल्होत्रा ने हनुमान को बताया भारत का ‘आयरन मैन’
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने Gold Derby को दिए इंटरव्यू में भगवान हनुमान के किरदार और कहानी में उनकी खास भूमिका पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हनुमान भारतीय दर्शकों के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा पात्रों में शामिल हैं। नमित ने उनकी तुलना भारत के ‘आयरन मैन’ से करते हुए कहा कि जिस तरह आयरन मैन दुनियाभर में एक मशहूर सुपरहीरो हैं, उसी तरह हनुमान भी भारतीय दर्शकों के बीच बेहद खास स्थान रखते हैं। इसी लोकप्रियता को देखते हुए मेकर्स ने पहले पार्ट में हनुमान के किरदार को पूरी तरह सामने लाने के बजाय अंत में उनकी एक दमदार और प्रभावशाली झलक दिखाने का फैसला किया।

दूसरे पार्ट के लिए क्यों बचाकर रखा हनुमान का किरदार?
‘रामायण’ के पहले पार्ट के मिड-क्रेडिट सीन में सनी देओल की हनुमान के रूप में झलक ने दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। इस सीन के बाद फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी लोगों की उत्सुकता काफी बढ़ गई है। नमित मल्होत्रा ने बताया कि मेकर्स जानबूझकर हनुमान के किरदार को पहले पार्ट में पूरी तरह सामने नहीं लाना चाहते थे, ताकि दर्शकों की दिलचस्पी बनी रहे। उनकी पूरी कहानी और अहम भूमिका को अगले पार्ट के लिए रखा गया है। निर्माता का मानना है कि सीक्वल में हनुमान की एंट्री कहानी को एक अलग स्तर पर ले जाएगी। पहले पार्ट के अंत में मेकर्स दर्शकों के मन में यही सवाल छोड़ना चाहते थे कि भगवान राम की आगे की यात्रा किस दिशा में जाएगी और उसमें हनुमान की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होगी।

सनी देओल को ही क्यों बनाया गया हनुमान?
हनुमान के किरदार में सनी देओल की कास्टिंग को लेकर भी काफी चर्चा हुई है। इससे पहले रामानंद सागर की लोकप्रिय ‘रामायण’ में दारा सिंह ने हनुमान का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। ऐसे में इस प्रतिष्ठित भूमिका के लिए सही कलाकार का चुनाव मेकर्स के लिए आसान नहीं था। निर्देशक नितेश तिवारी के मुताबिक, हनुमान के व्यक्तित्व में भक्ति, मासूमियत और अद्भुत शक्ति का संतुलन नजर आना चाहिए। वह सामान्य तौर पर बेहद सरल और सहज दिखाई देते हैं, लेकिन क्रोध आने पर उनकी ताकत का अंदाजा लगाना मुश्किल है। नितेश तिवारी ने बताया कि सनी देओल की पर्सनैलिटी में भी उन्हें यही खूबियां नजर आईं। उनके मुताबिक सनी की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और गुस्से वाली छवि ऐसी है कि उन्हें देखकर लगता है जैसे वह पहाड़ तक हिला सकते हैं। यही वजह रही कि मेकर्स को लगा कि सनी इस पौराणिक किरदार की ताकत और भावनाओं को पर्दे पर प्रभावी ढंग से पेश कर सकते हैं। निर्देशक ने यह भी कहा कि सनी ने भले ही पहले किसी पारंपरिक सुपरहीरो का किरदार न निभाया हो, लेकिन दर्शकों के बीच उनकी छवि किसी सुपरहीरो से कम नहीं रही है।

पहले से शूट हो चुका है सीक्वल का 60 फीसदी हिस्सा
फिल्म के दूसरे पार्ट से जुड़ा एक अहम अपडेट भी सामने आया है। ‘रामायण’ के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि फिल्म के सीक्वल की लगभग 60 फीसदी शूटिंग पूरी हो चुकी है। हालांकि, फिल्म का बड़ा हिस्सा वीएफएक्स और मोशन कैप्चर से जुड़ा काम अभी बाकी है। उनके मुताबिक, दूसरा पार्ट पहले से भी ज्यादा भव्य और बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। ऐसे में सनी देओल को हनुमान के रूप में और भगवान राम के साथ उनके खास जुड़ाव को पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। वहीं, फिल्म में भगवान विष्णु के किरदार को लेकर भी लगातार चर्चा बनी हुई है। खास बात यह है कि इस भूमिका में नजर आ रहा शख्स कोई अभिनेता नहीं, बल्कि फिल्म की पर्दे के पीछे की टीम से जुड़ा हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1