White House के पास स्थित एक चेक प्वाइंट पर फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रुथ सोशल पर पोस्ट साझा की। ट्रंप ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने एक महीने पहले हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख किया।
बंदूकधारी का था हिंसक इतिहास
Donald Trump ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर व्हाइट हाउस के पास हुई घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बेहद तेजी और पेशेवर तरीके से कार्रवाई की। ट्रंप के मुताबिक, संदिग्ध का हिंसक आपराधिक इतिहास था और व्हाइट हाउस के बाहर एजेंटों के साथ हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।
Donald Trump ने एक महीने पहले व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि वाशिंगटन डीसी को भविष्य के राष्ट्रपतियों के लिए सबसे सुरक्षित और संरक्षित स्थान बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की जरूरत से जोड़ा। खास बात यह रही कि फायरिंग के वक्त ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे।
चेक प्वाइंट पर की कई राउंड फायरिंग
White House के पास शनिवार शाम अमेरिकी समयानुसार एक व्यक्ति ने चेक प्वाइंट के नजदीक कई राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाकर्मियों की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हमलावर की पहचान नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका था और वह मानसिक रूप से अस्थिर था।
