महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बड़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर देश की महिलाओं से किया गया वादा पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संसद और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। देश की महिलाएं लगातार इस मुद्दे को उठाती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का हौसला बुलंद है और उसका संकल्प अडिग है।
गौरतलब है कि सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। हालांकि, इसके लागू होने की प्रक्रिया जनगणना और परिसीमन से जुड़ी हुई है।
अब 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर नजर रहेगी। ऐसे में देखना होगा कि इस मुद्दे पर संसद में आगे क्या फैसला होता है।

