नई दिल्ली: बीजेपी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को फ्लॉप शो करार दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा कि जंतर-मंतर पर हो रही घटनाएं भारत की असली तस्वीर नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि देश शांतिपूर्ण माहौल और बेहतर शासन के साथ आगे बढ़ रहा है, जबकि कुछ अराजक तत्व पिछले कई दिनों से दिल्ली में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
संबित पात्रा ने कहा कि देश की राजधानी को बंधक बनाने और यहां आगजनी व हिंसा फैलाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। उन्होंने इसे अराजक तत्वों का फ्लॉप शो बताते हुए कहा कि आज लोकतंत्र की जीत हुई है और भीड़तंत्र को हार का सामना करना पड़ा है।
बीजेपी ने AAP और कांग्रेस पर भी साधा निशाना
सांसद संबित पात्रा ने कहा कि कुछ दिन पहले कांग्रेस ने बंद बुलाया था और पार्टी की ओर से प्रदर्शन किया गया था। वहीं, आज कुछ अन्य संगठनों ने प्रदर्शन किया है, जबकि 12 तारीख को भी एक और प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही दौर में देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। पात्रा ने कहा कि इन प्रदर्शनों के पीछे की मंशा को समझना जरूरी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अराजक तत्वों के बीच ही श्रेय लेने की होड़ मची हुई है और आम आदमी पार्टी (AAP) व कांग्रेस के बीच आपसी खींचतान चल रही है।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए संबित पात्रा ने कहा कि एक दिन पहले कुछ नेता राष्ट्रपति भवन गए थे, लेकिन वहां से लौटने के बाद राहुल गांधी ने जो बयान दिया, वह एक गैर-जिम्मेदार नेता जैसा था। पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को राजनीतिक खींचतान में शामिल करने की कोशिश की, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह देश की सड़कों पर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि अगर उनके पास वोट चोरी से जुड़े ठोस सबूत हैं, तो उन्होंने उन्हें राष्ट्रपति के सामने क्यों नहीं रखा। बीजेपी नेता ने दावा किया कि राहुल गांधी के पास वोट चोरी के आरोपों को साबित करने के लिए कोई प्रमाण नहीं है। साथ ही, पात्रा ने राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री बनने के योग्य नहीं हैं।
विपक्षी नेताओं पर भी साधा निशाना
एलन मस्क के बयान पर विपक्षी नेताओं के ट्वीट को लेकर संबित पात्रा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘मोदी बनाम मीर जाफर’ की लड़ाई बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष सत्ता हासिल करने के लिए देशहित से समझौता करने को भी तैयार है। पात्रा ने कहा कि विपक्ष बिना चुनाव जीते और बिना मेहनत किए सत्ता में आना चाहता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है और विपक्ष दोहरे मापदंड अपना रहा है।

