दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और सांसद पवन खेड़ा की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी पर अपने मूल सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें राहुल गांधी में वह उम्मीद नजर आती है, जो बीजेपी को हराने में सक्षम है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के पीछे किसी पद की इच्छा नहीं है और पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगी।
प्रियंका कक्कड़ ने की राहुल गांधी की तारीफ
कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपने विचारों को खुलकर रखने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मजबूत इरादों वाले नेता हैं और मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने रुख पर कायम रहे हैं। प्रियंका कक्कड़ ने दावा किया कि राहुल गांधी को कमजोर करने और दबाव में लाने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन वह और कांग्रेस लगातार डटे रहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सच्चाई ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। प्रियंका ने यह भी कहा कि कांग्रेस में उन्हें एक ऐसी विचारधारा और भावना नजर आई, जो उन्हें दूसरी पार्टियों में अपने निजी अनुभव के आधार पर नहीं दिखी।
आम आदमी पार्टी पर भी साधा निशाना
प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक समय AAP की ओर से सादगी और वीआईपी सुविधाओं से दूरी की बात कही जाती थी, लेकिन बाद में निजी यात्राओं के लिए हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल जैसी चीजें सामने आईं। प्रियंका ने कहा कि ऐसी चीजों का बचाव करना उनके लिए संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने अपनी एक सीमा तय कर ली। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP ने पहले जिन योग्य और अनुभवी लोगों को अपने साथ जोड़ा था, उन्हें पार्टी में बनाए रखने में कामयाब नहीं रही। प्रियंका ने नए लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को वरिष्ठ पद दिए जा रहे हैं, जिनका जमीनी या बूथ स्तर पर काम करने का अनुभव नहीं है, जबकि उन्हें बंगला और गाड़ी जैसी सुविधाएं भी मिल रही हैं। प्रियंका ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है और इस मुद्दे को लेकर लोगों को जागरूक करने का काम किया है।
टीवी डिबेट में आप का पक्ष रखती थीं प्रियंका
प्रियंका कक्कड़ आम आदमी पार्टी की प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल थीं। वह 30 सितंबर तक पार्टी की नेशनल प्रवक्ता के तौर पर लगातार टीवी डिबेट में AAP का पक्ष रखती नजर आई थीं। हालांकि, पिछले दो दिनों से वह टीवी डिबेट्स से दूरी बनाए हुए थीं। अब उनके अचानक पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने से आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

