: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई बड़े अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल और 6 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, 48 वर्षीय मर्चेंट ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के लिए काम करते हुए हत्या की साजिश रचने का दोषी पाया गया।
ब्रुकलिन की संघीय अदालत में अमेरिकी जिला जज एरिक आर. कोमिटी ने मर्चेंट को कुल 330 महीने की सजा सुनाई। इससे पहले मार्च 2026 में संघीय जूरी ने उसे अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने की कोशिश और पैसे देकर हत्या कराने की साजिश के आरोप में दोषी ठहराया था।
ईरान की IRGC के लिए करता था काम
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, आसिफ मर्चेंट ईरान की IRGC के लिए प्रशिक्षित ऑपरेटिव के तौर पर काम कर रहा था। उसने कथित तौर पर स्वेच्छा से इस संगठन से जुड़कर खुफिया गतिविधियों की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद उसे अमेरिका में राजनीतिक नेताओं की हत्या के लिए लोगों की तलाश करने और उन्हें पैसे देने की जिम्मेदारी सौंपी गई। अमेरिकी अधिकारी ब्लांश ने कहा कि न्याय विभाग अमेरिकी नेताओं को निशाना बनाने वाली किसी भी विदेशी आतंकवादी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी साजिशों में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाने और उन्हें जवाबदेह ठहराने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।
बाइडेन और निक्की हेली भी निशाने पर थे
जांच के दौरान सामने आया कि आसिफ मर्चेंट को इस साजिश का सबसे प्रमुख निशाना तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप लगता था। हालांकि, उसने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम भी संभावित निशानों के तौर पर बताए थे। उस वक्त ये तीनों ही अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल थे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस साजिश के पीछे ईरान की बदले की भावना बताई गई है। अधिकारियों का दावा है कि ईरान अपने पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था। सुलेमानी जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था।
2022 में ईरान ने किया था भर्ती
अमेरिकी न्याय विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आसिफ मर्चेंट करीब 2022 में IRGC के संपर्क में आया था। उस दौरान वह धार्मिक यात्राओं के सिलसिले में ईरान जाने लगा था। एक रिश्तेदार के जरिए उसकी मुलाकात IRGC के हैंडलर यूसुफ मेरहर्दाद से कराई गई। इसके बाद करीब डेढ़ साल तक, 2023 से मर्चेंट ने तेहरान में अपने हैंडलर से लगभग 15 बार मुलाकात की। इन बैठकों के दौरान उसे खुफिया गतिविधियों से बचने, अपनी पहचान छिपाने और सुरक्षा एजेंसियों से बचने के तरीके बताए गए। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, उसे बाद में अमेरिका जाकर सरकारी अधिकारियों की हत्या की साजिश को अंजाम देने की तैयारी करने का निर्देश दिया गया।
रैली में हत्या कराने का था प्लान
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मर्चेंट को हत्या की साजिश के लिए अपराधियों या माफिया से जुड़े लोगों को नियुक्त करने का निर्देश दिया गया था। योजना के तहत अमेरिका में एक राजनीतिक रैली के दौरान किसी नेता की हत्या किए जाने की बात थी। सुनवाई के दौरान मर्चेंट ने भी स्वीकार किया कि उसे लगता था कि इस साजिश का मुख्य निशाना डोनाल्ड ट्रंप थे। अप्रैल 2024 के आसपास ईरान में करीब एक सप्ताह बिताने के बाद मर्चेंट अमेरिका पहुंचा। वहां उसने अपने एक परिचित से साजिश को अंजाम देने में मदद मांगी। हालांकि, उसके परिचित ने इसकी जानकारी FBI को दे दी और बाद में जांच एजेंसी के लिए मुखबिर के तौर पर काम करने लगा।
FBI ने ऐसे नाकाम की हत्या की साजिश
मुकदमे के दौरान पेश की गई वीडियो रिकॉर्डिंग में मर्चेंट को एक मुखबिर के सामने अपनी साजिश का हिस्सा बताते और राजनीतिक रैली के दौरान एक नेता की हत्या की योजना समझाते देखा गया। इसके बाद उसने कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया, जिन्हें वह पेशेवर हत्यारा समझ रहा था, जबकि वे वास्तव में FBI के अंडरकवर एजेंट थे। मर्चेंट ने इन एजेंटों से तीन बार मुलाकात की। इस दौरान उसने बताया कि वह विदेश में मौजूद कुछ लोगों के संपर्क में है और एक अमेरिकी नेता की हत्या के लिए उन्हें काम पर रखना चाहता है। इसके लिए उसने शुरुआती भुगतान के तौर पर 5,000 डॉलर भी दिए। अधिकारियों के अनुसार, यह रकम उसे विदेश में रहने वाले अपने रिश्तेदारों की मदद से मिली थी।
12 जुलाई 2026 को हुई गिरफ्तारी
मर्चेंट को 12 जुलाई 2026 को टेक्सास के रिचमंड में गिरफ्तार किया गया था। वह अमेरिका से बाहर जाने के लिए एयरपोर्ट रवाना होने की तैयारी में था, तभी FBI ने उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान उसके लैपटॉप, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट से कई अहम सबूत सामने आए। जांच एजेंसियों के मुताबिक, मर्चेंट 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव और डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसके इंटरनेट सर्च हिस्ट्री में चुनावी रैलियों से जुड़ी जानकारियां मिलीं। इसके अलावा, उसने गूगल मैप्स के जरिए न्यू जर्सी में ट्रंप की एक रैली का स्थान भी तलाशा था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कासिम सुलेमानी की प्रशंसा करने वाली पोस्ट के साथ ट्रंप और अमेरिका को निशाना बनाने वाली सामग्री भी मिली।
अमेरिकी अधिकारियों ने क्या कहा?
राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के कार्यवाहक प्रिंसिपल डिप्टी असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल एम. स्कॉट प्रॉक्टर ने दावा किया कि IRGC ने आसिफ मर्चेंट को कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने के मकसद से अमेरिका भेजा था। उनके मुताबिक, मर्चेंट को इसी उद्देश्य से अमेरिकी नेताओं को निशाना बनाने की साजिश में शामिल किया गया था।
अमेरिकी वकीलों ने की मामले की पैरवी
इस मामले में न्यूयॉर्क के पूर्वी जिले के असिस्टेंट अमेरिकी अटॉर्नी सारा के. वीनिक, नीना सी. गुप्ता और गिल्बर्ट एम. रेन ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की। वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग की आतंकवाद विरोधी इकाई के डिप्टी चीफ पॉल केसी और पैरालीगल विशेषज्ञ मैग्डालेना सेंट सुरिन ने जांच और कानूनी प्रक्रिया में सहायता की। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, मर्चेंट को मिली सजा विदेशी ताकतों के इशारे पर अमेरिका में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश देती है।

