वैभव के बिना बिहार ने दिखाया दम, दिल्ली को हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत

बिहार की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में बड़ा उलटफेर करते हुए दिल्ली को शिकस्त दे दी। इंदौर में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 224 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। इसके जवाब में वैभव सूर्यवंशी के बिना उतरी बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 8 विकेट गंवाकर मैच की आखिरी से एक गेंद पहले लक्ष्य हासिल कर लिया। टूर्नामेंट में तीन मैचों में यह बिहार की दूसरी जीत है, जबकि दिल्ली को सीजन की पहली हार झेलनी पड़ी।

बिहार के लिए आयुष लोहरुका ने खेली तूफानी पारी
बिहार ने दिल्ली के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने 225 रनों के लक्ष्य का शानदार अंदाज में पीछा किया। दिल्ली की टीम में सिमरजीत सिंह, दिग्वेश राठी और सुयश शर्मा जैसे आईपीएल गेंदबाज मौजूद थे, लेकिन बिहार के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने पावरप्ले में ही 96 रन जोड़ दिए। ओपनर आयुष लोहरुका ने 22 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं, बिपिन सौरभ ने 19 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्के लगाते हुए 49 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर के लड़खड़ाने के बावजूद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने मोर्चा संभाला और बिहार को रोमांचक जीत दिला दी।

रघुवेंद्र प्रताप और मयंक कुमार ने की बेहतरीन बल्लेबाजी
बिहार की पारी में एक समय टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे, लेकिन इसके बाद निचले क्रम के खिलाड़ियों ने टीम की जीत की राह आसान कर दी। सातवें नंबर पर उतरे रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने महज 15 गेंदों में 25 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं, 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मयंक कुमार ने 13 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 24 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। दिल्ली की ओर से दिग्वेश राठी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, दिल्ली के अन्य प्रमुख गेंदबाज बिहार के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे और जमकर रन लुटाए।

यश धुल की शतकीय पारी गई बेकार
रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी बिहार की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 44 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दिल्ली की ओर से यश धुल ने तूफानी शतक जड़ते हुए 59 गेंदों में 16 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 125 रन बनाए। तेजस्वी दहिया ने भी 25 गेंदों पर 51 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि, दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियां दिल्ली को जीत नहीं दिला सकीं और टीम को बिहार के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1