न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तेज आर्थिक प्रगति की सराहना की है। ऑकलैंड में आयोजित ‘इंडिया-न्यूजीलैंड बिजनेस एंड स्पोर्ट्स एंगेजमेंट’ कार्यक्रम में उन्होंने खुद को भारत का “बहुत बड़ा फैन” बताते हुए कहा कि पिछले तीन दशकों में देश ने जिस तरह विकास किया है, वह वास्तव में अविश्वसनीय है। लक्सन ने 1990 के दशक में यूनिलीवर के साथ अपनी पहली भारत यात्रा को भी याद किया।
90 के दशक में भारत गया’
कार्यक्रम के दौरान क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि वह लंबे समय से भारत के प्रशंसक रहे हैं और 1990 के दशक में यूनिलीवर के साथ काम करते हुए पहली बार भारत आए थे। उन्होंने उस समय का जिक्र करते हुए कहा कि तब मजदूरों को दिहाड़ी नकद सिक्कों में दी जाती थी, जबकि आज देश में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लक्सन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए हैं, मध्यम वर्ग तेजी से बढ़ा है और आने वाले वर्षों में इसमें और विस्तार होगा। उनके मुताबिक, भारत का यह आर्थिक और सामाजिक बदलाव वास्तव में बेहद उल्लेखनीय है।
‘यह बदलाव प्रेरणादायक और रोमांचक है’
क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि उन्होंने वर्षों में भारत को कम आय वाली अर्थव्यवस्था से तेजी से उभरती आर्थिक ताकत बनते देखा है और यह बदलाव बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए न्यूजीलैंड आने और भारतीय उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों को साथ लाने के लिए उनका आभार जताया। लक्सन ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के कारोबारी इस अवसर का लाभ उठाकर आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
लाओस में हुई मुलाकात को किया याद
क्रिस्टोफर लक्सन ने लाओस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पीएम मोदी ने भारत में तेजी से बढ़ रहे इंफ्रास्ट्रक्चर, नए एयरपोर्ट, विमानन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों और शिक्षा संस्थानों के विस्तार की जानकारी साझा की थी। लक्सन ने कहा कि भारत की विकास गति और बड़े पैमाने पर हो रहे बदलावों ने उन्हें काफी प्रभावित किया और यह बेहद प्रेरणादायक अनुभव था।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर दिया जोर
क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि सरकारें विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर सकती हैं, लेकिन वास्तविक निवेश, व्यापार और आर्थिक प्रगति को आगे बढ़ाने में उद्योग जगत की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बिजनेस लीडर्स से इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर दोनों देशों के सहयोग को नई मजबूती देने की अपील की।
