भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अमरोहा से ताल्लुक रखने वाले मोहम्मद शमी की इस मुलाकात को 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले शमी की राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात हुई थी। उस समय भी उनके राजनीति में आने और अमरोहा से चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें लगाई गई थीं। अब बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के बाद इन चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है। हालांकि, मुलाकात का मकसद क्या था, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शमी के बीजेपी में शामिल होने या सक्रिय राजनीति में कदम रखने की भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
गौरतलब है कि भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के जरिए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। खास बात यह रही कि इसी तारीख को साल 2013 में उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इस तरह ठीक 13 साल बाद शमी ने 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट के शानदार रिकॉर्ड के साथ अपने टेस्ट करियर को अलविदा कह दिया। हालांकि, शमी ने अभी वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है और वह इन दोनों फॉर्मेट में भारत के लिए उपलब्ध हैं।
मोहम्मद शमी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा
शमी ने कहा कि सफेद जर्सी को अलविदा कहना उनके लिए आसान नहीं है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट से जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। भारत की टेस्ट जर्सी पहली बार पहनना उनके लिए देश के लिए कुछ करने के सपने को पूरा करने जैसा था। उन्होंने कहा कि करियर के दौरान मिले हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें जिंदगी का कोई न कोई अहम सबक सिखाया। उन्होंने अपने मुश्किल और अच्छे दौर में साथ खड़े रहने वाले सभी साथियों, कोचों, परिवार और करोड़ों भारतीय फैंस का दिल से आभार जताया। शमी ने BCCI और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उनकी प्रतिभा पर भरोसा जताया और उनके क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शमी ने कहा कि भले ही मैदान पर उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी है, लेकिन भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा।

