टाटा ग्रुप की एयर इंडिया ने सऊदी अरब के जेद्दा, दम्माम और रियाद के लिए संचालित होने वाली अपनी सभी उड़ानों का निलंबन 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर से जेद्दा के लिए उड़ान सेवाएं चरणबद्ध तरीके से दोबारा शुरू करेगी। हालांकि, रियाद और दम्माम के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की आने-जाने वाली सभी उड़ानें भी 31 दिसंबर तक रद्द रहेंगी।
जेद्दा, दम्माम और रियाद के लिए 31 दिसंबर तक निलंबित रहेंगी एयर इंडिया की सेवाएं
सऊदी अरब में मौजूदा सुरक्षा हालात का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। पिछले कुछ हफ्तों में क्षेत्र में तनाव के कारण फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के कुछ शहरों और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाए जाने के बाद स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने अपनी उड़ानें निलंबित रखने का फैसला किया है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि जेद्दा, दम्माम और रियाद के लिए उसकी उड़ानें 31 दिसंबर 2026 तक निलंबित रहेंगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगा सेवाएं
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि जेद्दा के लिए उड़ान सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से दोबारा शुरू किया जाएगा। इसके पहले चरण में 2 दिसंबर से जेद्दा और मंगलुरु के बीच सप्ताह में तीन उड़ानें संचालित की जाएंगी।
इंडिगो ने रियाद और दम्माम की फ्लाइट्स 7 दिसंबर तक की रद्द
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने सऊदी अरब के जेद्दा और मदीना के लिए कुछ चुनिंदा उड़ान सेवाओं को दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। एयरलाइन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। हालांकि, रियाद और दम्माम के लिए आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 7 दिसंबर तक रद्द रहेंगी।
अकासा एयर ने 10 जनवरी तक के लिए रद्द की जेद्दा की फ्लाइट्
अकासा एयर ने भी सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों के लिए अपनी उड़ान सेवाओं को लेकर अपडेट जारी किया है। एयरलाइन ने शनिवार को बताया कि जेद्दा के लिए उसकी उड़ानें 10 जनवरी तक और रियाद के लिए संचालित होने वाली उड़ानें 31 जनवरी तक रद्द रहेंगी। यात्रियों को इसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स, तेल रिफाइनरियों को बनाया निशाना
गौरतलब है कि पिछले दिनों हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। इन हमलों में एयरपोर्ट और तेल रिफाइनरी समेत देश के कई अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया था।

