उत्तराखंड में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में मंत्री सुबोध उनियाल ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक और मनोरंजन जगत में हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे।
दरअसल, यह पूरा मामला 18 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल के कुंजापुरी मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है। यहां दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर उन्हें टोका था। इसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई थी।
मंत्री ने बाद में दावा किया था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे की हालत में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि बाद में उन्हें गायक की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली।
इस मामले में गायक मीका सिंह समेत कई लोगों ने मंत्री के बयान पर नाराजगी जताई थी और माफी की मांग की थी। वहीं विपक्ष भी लगातार मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

