बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर शुरू हुआ मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, महुआ मोइत्रा और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वरूप और अंदाज की तुलना करते हुए टिप्पणी की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संत समाज और कई नेताओं ने नाराजगी जताई।
अखिलेश यादव ने इस टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए कानूनी कार्रवाई और बाबा के कार्यक्रमों के बहिष्कार की मांग की। वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि राम और कृष्ण एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों में भेद करना गलत है।
दूसरी तरफ भूपेश बघेल ने भी तीखा तंज कसा। महुआ मोइत्रा की प्रतिक्रिया भी इस विवाद को लेकर चर्चा में है।
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए माफी मांगी और कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। इसके बावजूद राजनीतिक बयानबाजी थमती नजर नहीं आ रही है।

