उत्तर प्रदेश की राजनीति में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। बांदा के बबेरू में आयोजित जन अधिकार रैली के दौरान राजभर ने मंच से खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने बयान में धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह जैसे चर्चित नामों का भी जिक्र किया।
दरअसल, रैली को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जिन लोगों को माफिया, बाहुबली और गुंडा कहा जाता है, वे सभी उनका दरबार करते हैं। उन्होंने मुख्तार अंसारी का नाम लेते हुए दावा किया कि धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह जैसे लोग भी उनके दरबारी हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि उनसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नहीं है।
राजभर ने अपने भाषण में बांदा के एक स्थानीय व्यक्ति का जिक्र करते हुए भी तीखे अंदाज में चेतावनी दी। उनका यह बयान सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। फिलहाल उनके इस बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का इंतजार है

