मेटा ने भारत समेत कई ग्लोबल मार्केट में Meta One सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया है. यह एक ऐसा प्लान है जिसमें व्हाट्सऐप प्लस, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस के फायदे एक ही सब्सक्रिप्शन में मिलते हैं. कंपनी ने आम यूजर्स और AI का ज्यादा इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए कोर और प्रीमियम प्लान पेश किए हैं. वहीं बिजनेस और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एसेंशियल, एडवांस्ड, एक्सपर्ट और मैक्स बंडल उपलब्ध हैं. इन प्लान में मेटा एआई की ज्यादा लिमिट और बिजनेस के लिए एडवांस टूल्स दिए गए हैं.
549 रुपये से शुरू होगी कीमत
भारत में मेटा वन कोर प्लान की कीमत 549 रुपये प्रति महीने है, जबकि प्रीमियम प्लान के लिए 1,960 रुपये प्रति महीने देने होंगे. बिजनेस और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एसेंशियल बंडल 639 रुपये प्रति महीने से शुरू होता है. एडवांस्ड की कीमत 2,099 रुपये, एक्सपर्ट की 6,399 रुपये और मैक्स की 20,990 रुपये प्रति महीने है. तुलना करें तो अलग-अलग व्हाट्सऐप प्लस की कीमत 79 रुपये, जबकि इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 99-99 रुपये प्रति महीने है. मेटा वन के व्यक्तिगत और बंडल प्लान इन तीनों प्लस सब्सक्रिप्शन के फायदे को एक साथ जोड़ते हैं.
ज्यादा AI इस्तेमाल की सुविधा
मेटा वन कोर में इंस्टाग्राम स्टोरी को नए अंदाज में बदलने, वॉयस इफेक्ट और दूसरे क्रिएटिव टूल्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके साथ इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप पर मेटा एआई से इमेज और वीडियो बनाने के लिए ज्यादा इस्तेमाल लिमिट मिलती है. प्रीमियम प्लान में मेटा एआई के टूल्स और फीचर्स के लिए इससे भी ज्यादा इस्तेमाल लिमिट दी जाती है. यानी AI टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए दोनों प्लान अलग-अलग स्तर की सुविधाएं देते हैं.
बिजनेस और क्रिएटर्स के लिए खास फीचर
एसेंशियल बंडल में बिजनेस मैनेजमेंट टूल्स और व्हाट्सऐप पर मेटा बिजनेस एजेंट का ज्यादा एक्सेस मिलता है. यह एजेंट पूरे दिन ग्राहकों को जवाब दे सकता है. सफल वेरिफिकेशन के बाद यूजर्स को वेरिफाइड बैज, व्हाट्सऐप बिजनेस ऐप पर वेरिफाइड चैनल और इम्पर्सोनेशन प्रोटेक्शन भी मिलता है. एडवांस्ड बंडल में प्रोफेशनल टूल्स के साथ 30 दिन पहले तक स्टोरी शेड्यूल करने, ऑर्गेनिक पोस्ट और रील्स में लिंक जोड़ने, एक्सपोर्ट किए जा सकने वाले एनालिटिक्स और ज्यादा गहरी ऑडियंस इनसाइट्स जैसे फीचर मिलते हैं. एक्सपर्ट और मैक्स में मेटा बिजनेस एजेंट की सबसे एडवांस सुविधाएं दी गई हैं.

