Marco Rubio 23 से 26 मई तक चार दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे। उनकी इस पहली भारत यात्रा का मकसद व्यापार, रक्षा और ऊर्जा समेत कई अहम क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग को और मजबूत करना है।
विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने बताया कि Marco Rubio 23 से 26 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान रूबियो वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों के साथ ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। भारत आने से पहले वह 22 मई को स्वीडन में होने वाली NATO देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे।
क्या है दौरे का मुख्य एजेंडा?
Donald Trump प्रशासन के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों से पैदा हुए तनाव के बाद भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर बातचीत तेज हुई है। माना जा रहा है कि Marco Rubio के इस दौरे में व्यापार सबसे अहम मुद्दा रहेगा। इसी साल फरवरी में दोनों देशों ने टैरिफ कम करने और नए व्यापार समझौते पर आगे बढ़ने को लेकर सहमति जताई थी। अब इस डील को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अमेरिका दौरे की संभावना पर भी चर्चा हो रही है।
रक्षा और रणनीतिक साझेदारी एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगी। हाल ही में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच Quad, रक्षा सहयोग और महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर बातचीत हुई है।
नई दिल्ली का क्वाड सम्मेलन
नई दिल्ली अगले हफ्ते क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। इस समूह में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट समेत कई वैश्विक मुद्दों और उनके असर पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में जापान के विदेश मंत्री Motegi Toshimitsu और ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री Penny Wong भी हिस्सा लेंगी।
